
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। व्यावसायिक शिक्षा की बढ़ती मांग को देखते हुए अब विद्यार्थियों को स्कूली शिक्षा के दौरान ही कोर्स करने का अवसर मिलेगा। सीसे स्कूल देहरा में इसी सत्र से दो नए व्यावसायिक कोर्स शुरू हो रहे हैं। स्कूली शिक्षा के दौरान ही इस तरह के कोर्सों से विद्यार्थियों को काफी लाभ पहुंचेगा।
जानकारी के अनुसार राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला देहरा में इसी सत्र से सिक्योरिटी गार्ड और सूचना प्रौद्योगिकी के व्यावसायिक कोर्स शुरू करने की अनुमति शिक्षा विभाग से मिली है। विद्यार्थियों को नवमी कक्षा से ही पढ़ाई के साथ-साथ इन विषयों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। विद्यार्थियों को जमा दो की कक्षा तक यह विषय पढ़ने होंगे। पढ़ाई के साथ-साथ सिक्योरिटी गार्ड और सूचना प्रौद्योगिकी विषयों में दक्षता हासिल करने के बाद विद्यार्थी होमगार्ड, वन गार्ड, बैंक में तैनात होने वाले गार्ड, कंपनियों में गार्ड, डीटीपी आपरेटर आदि क्षेत्र में नौकरी मिलने की संभावना काफी बढ़ जाएगी। विद्यार्थियों को स्कूली शिक्षा से निकले के बाद यह कोर्स उन्हें सीधे अपने पैरों पर खड़ा होने में मदद करेंगे। परंपरागत शिक्षा के साथ व्यावसायिक शिक्षा मिलने से विद्यार्थियों के साथ-साथ अध्यापक वर्ग भी इसकी काफी सराहना कर रहा है। व्यावसायिक कोर्स इसी सत्र से प्रदेश के करीब 100 स्कूलों में एक साथ शुरू हो रहे हैं।
उधर, इस बारे में सीसे स्कूल देहरा की प्रधानाचार्य पूनम राणा ने बताया कि उनके स्कूल में इसी सत्र से सिक्योरिटी गार्ड और सूचना प्रौद्योगिकी के व्यावसायिक कोर्स शुरू करने की अनुमति शिक्षा विभाग से मिल चुकी है। शीघ्र ही स्कूल में विद्यार्थियों को यह विषय उनके चुने गए विकल्प के आधार पर दिए जाएंगे।
