
पालमपुर/धर्मशाला (कांगड़ा)। पालमपुर शहर के राम चौक (घुग्घर) में एक नामी होटल में आगजनी की घटना से लाखों का नुकसान हो गया। मंगलवार शाम होटल की तीसरी मंजिल पर आग लगी थी। आग पर अग्निशमन विभाग ने जल्द काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
जानकारी के अनुसार पालमपुर के रामचौक में एक बड़े और नामी होटल में मंगलवार शाम करीब पांच बजे आग लग गई। यह आग होटल की तीसरी मंजिल में बने हाउस कीपिंग स्टोर में लगी थी। इसमें हाउस कीपिंग का सारा सामान रखा हुआ था। इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही विभाग की दो गाड़ियां होटल पहुंच गईं। अग्निशमन कर्मियों ने स्थानीय लोगों की सहायता से होटल में लगी आग पर काबू पा लिया। होटल मालिक ओंकार राणा ने कहा कि होटल में आग लगने से उन्हें करीब चार लाख रुपए का नुकसान हुआ है। उधर, अग्निशमन विभाग के अधिकारी लखवीर सिंह गुलेरिया ने कहा कि होटल में आग लगने की सूचना मिलते ही मौके पर दो गाड़ियां पहुंच गई थीं। इसके चलते आग पर जल्द काबू पा लिया गया। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने कहा कि आग लगने से करीब चार लाख का नुकसान हुआ है।
उधर, पुलिस थाना धर्मशाला के समीप सिद्धपुर चौक में एक हार्डवेयर की दुकान में भी अचानक भीषण आग लग गई। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। पुलिस थाना धर्मशाला के प्रभारी देसराज चंद्रोटिया ने आग लगने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आगजनी में दुकान के मालिक रमेश चौधरी का पांच हजार रुपए का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
