
ऊना। बसाल में रास्ते के निर्माण कार्य को लेकर उठे विवाद पर पुलिस की भूमिका को लेकर पंचायत प्रतिनिधियों सहित ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। आरोप है कि पुलिस पंचायत का सहयोग करने की बजाय उन्हें तंग कर रही है। इसी को लेकर मंगलवार को ग्राम पंचायत लोअर बसाल के प्रधान रवि कुमार की अध्यक्षता में अन्य पंचायतों के प्रतिनिधियों और दर्जनों ग्रामीणों ने एसपी के दरबार में इंसाफ की गुहार लगाई है। प्रधान ने बताया कि पंचायत में एक स्थान पर रास्ते का निर्माण किया जा रहा है। जिसे गांव के ही कुछ लोग बंद करवाने में लगे हैं। इस रास्ते के निर्माण से सैकड़ों लोगों को सुविधा मिलने वाली है। पंचायत की ओर से दो बार जमीन की पैमाइश करवाई जा चुकी है, लेकिन गांव के कुछ लोग रास्ते के निर्माम में अड़ंगा डाल रहे हैं। यही नहीं पंचायत प्रतिनिधियों से मारपीट करने पर भी उतारू हो जाते हैं। 14 अप्रैल को ऊना पुलिस को इस संदर्भ में एक शिकायत पत्र सौंपा गया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचायत का साथ देने की बजाय उन्हें तंग करना शुरू कर दिया। ऐसे में उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद क्षीण होती जा रही है। उन्होंने एसपी से मामले में हस्तक्षेप करते हुए ग्रामीणों को न्याय दिलाने की मांग की है। इस मौके पर अपर बसाल की प्रधान रमना देवी, समूर कलां के प्रधान मनोहर लाल शर्मा, पंचायत समिति सदस्य सोमनाथ, वार्ड पंचाें में बिशन दास, चमन दास, बख्शो देवी, कल्पना देवी, किरण बाला, ग्रामीणों में पवन कुमार, सतपाल, बेअंत कौर, बीना, मीना देवी, भोली देवी, कृष्णा देवी, शशिपाल, धर्मपाल, सुखदेव सिंह, कमलेश कुमारी, चन्नो, सुनीता, संयोगिता, रविंद्र कौर, संतोष कुमारी, चंपा देवी, सरस्वती, निर्मला, इंद्रमोहन, राजेश्वरी और कमल देव भी मौजूद रहे। उधर, एसपी केसी शर्मा ने जल्द मामले की छानबीन कर उचित कार्रवाई अमल में लाने का आश्वासन दिया है।
