
सराहां (सिरमौर)। पच्छाद क्षेत्र के दभाड़ा मिडल स्कूल में एसएमसी चुनाव के दौरान भारी विवाद खड़ा हो गया। क्षेत्र के कुछ अभिभावकों ने एसएमसी अध्यक्ष के चुनाव के समय एक शिक्षक पर मनमाने ढंग से चुनाव करवाए जाने का आरोप लगाया है। बाद में ग्रामीणों ने इसकी लिखित शिकायत ऐलीमेंटरी शिक्षा उपनिदेशक केएस नेगी को भेजी है। ग्रामीणों का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता को दर किनार किया गया है।
शिकायतकर्ता वीर सिंह, बीना देवी, जीत सिंह, सीता राम तथा कृष्णा देवी ने स्कूल के मुख्य अध्यापक पर आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्य अध्यापक ने एक ही परिवार के लोगों को अध्यक्ष तथा सदस्य चुना है। शिकायत कर्ताओं ने कहा कि जब इस मामले में उन्होंने हस्तक्षेप करना चाहा तो उन्हें यह कह दिया गया कि इस मामले में तीसरे आदमी का कोई रोल नहीं। ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए कहा कि कार्यकारिणी के गठन में वार्ड सदस्य एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को भी बुलाया जाता है। किंतु इस मीटिंग में इनमें से किसी को सूचित नहीं किया गया।
वार्ड सदस्य राम लाल, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता प्रेम देवी ने बताया कि उन्हें कमेटी गठन की सूचना नहीं दी गई। जबकि इससे पहले सूचना दी जाती थी। अभिभावक वीर सिंह ने कहा कि कमेटी में एक भी महिला नहीं है। कमेटी का गठन महिला व अन्य अभिभावकों के आने से पूर्व ही कर दिया गया। शिकायत कर्ताओं ने बताया कि वह इस मामले की शिकायत राज्य शिक्षा निदेशक से भी करेंगे।
उधर दभाड़ा माध्यमिक पाठशाला के मुख्य अध्यापक सुरेंद्र सिंह चौधरी ने बताया कि यदि एसएमसी के गठन को लेकर सर्वसम्मति नहीं बनती है तो इसका चुनाव दोबारा किया जाएगा। चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता बरती जाएगी।
