भूस्खलन से रामपुर बाईपास बंद

रामपुर बुशहर। शहर के बाहर जगातखाना से होकर जाने वाला बाईपास मार्ग भारी भरकम चट्टानों के गिरने से बंद हो गया है। झाकड़ी प्रोजेक्ट के ठीक सामने सुबह से ही भारी भरकम चट्टानाें का गिरना शुरू हो गया था, जिससे जहां बाईपास बंद हो गया है। वहीं, सरपारा और सरगा को जाने वाला मार्ग भी पूर्ण रूप से बंद पड़ा है। बुधवार सुबह से ही झाकड़ी प्रोजेक्ट के ठीक सामने वाली पहाड़ी से चट्टानों का गिरना शुरू हुआ। देखते ही देखते करीब 35 मीटर मार्ग चट्टानों से भर गया। हालांकि , लोक निर्माण विभाग ने इस सड़क को बहाल करने के लिए वहां मजदूरों के साथ जेसीबी को भी मौके पर भेजा। लेकिन, पहाड़ी के ऊपर से आ रही चट्टानों के चलते मार्ग को बहाल नहीं किया जा सका है। इधर, मार्ग के बंद होने से बाईपास मार्ग पूर्ण रूप से बंद हो गया है। इसके चलते सरपारा और परगा के लिए यातायात पूर्ण रूप से बंद हो गया है। इसके बारे में लोक निर्माण विभाग के एसडीओ राजेश शर्मा ने कहा कि सुबह से ही मार्ग पर चट्टानों का आना शुरू हो गया था। उन्होंने कहा कि देर शाम तक पहाड़ी से चट्टानों का आना जारी है, जिस कारण सड़क को शाम तक बहाल नहीं किया जा सका है। उन्होंने कहा कि जैसे ही चट्टानों का आना बंद होगा, सड़क को बहाल करने का काम शुरू कर दिया जाएगा।

Related posts