
नादौन / हमीरपुर। नया शिक्षा सत्र शुरू हो चुका है। वहीं सरकारी स्कूलों के बच्चों को किताबें नहीं मिली हैं। जिला के प्राइमरी स्कूलों में पहली और दूसरी कक्षा की किताबें नहीं पहुंची हैं। ऐसे में हमीरपुर के सरकारी स्कूलों में शिक्षा ग्रहण कर रहे करीब 6100 छात्र अभी पढ़ाई शुरू नहीं कर पाएं हैं।
जिला में पहले ही सरकारी स्कूलों में प्रथम और दूसरी कक्षाओं मेें छात्रों की संख्या कुछ ज्यादा नहीं हैं। ऐसे में किताबें न पहुंचने से अभिभावकों की चिंताएं बढ़ गई हैं। वहीं शिक्षा खंड नादौन में एसएसए के तहत दी जाने वाली किताबें वितरित नहीं हुई है। खंड में तीसरी, चौथी और पांचवीं कक्षा के हजारों छात्रों को किताबें नही मिली हैं। ऐसे में सरकारी स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था पर प्रश्नचिन्ह लग गया है। इस मामले में बीआरसी प्राइमरी खंड नादौन कुशल शर्मा का कहना है कि अभी तक पहली, दूसरी कक्षाओं की किताबें नहीं पहुंची हैं। बोर्ड से ही किताबें जारी नहीं हुई हैं।
वहीं सचिव, प्रदेश शिक्षा बोर्ड धर्मशाला राखिल काहलो के अनुसार प्रिंटिंग की वजह से किताबें छपने में देरी हुई है और दो-तीन दिनों के अंदर यह किताबें मुहैया करवा कर स्कूलों को भेज दी जाएंगी।
