
सोलन। जिला में लो वोल्टेज की समस्या के कारण गिरि परियोजना हांफने लगी है। 80 लाख लीटर की जगह सप्लाई मात्र 40 लाख लीटर तक हो रही है। लिहाजा पानी की आपूर्ति चरमरा चुकी है। जिला के कुमारहट्टी और धर्मपुर क्षेत्र के कई गांव में सबसे अधिक पानी की किल्लत बताई जा रही है। सोलन शहर में भी तीसरे दिन हो रही पेयजल आपूर्ति भी अपर्याप्त साबित हो रही है।
सोलन में लगभग चार दिनों से पानी की सप्लाई आधे से कम हो गई है। जिसके चलते सोलन तथा उसके साथ लगते कई गांव में पेयजल संकट गहरा गया है। अधिकारियों के अनुसार चार दिनों से गिरि योजना में लो वोल्टेज की समस्या है। गिरि पेयजल योजना से सप्लाई किए जाने वाले 100 से अधिक गांवों में पीने के पानी की सप्लाई काफी कम हो गई है। इस बारे में कसौली निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली भोजनगर पंचायत के निवासी हरनाम सिंह, प्रकाश, धर्मेंद्र सिंह, सुभाष, अमर सिंह, कुंता देवी, रणजीत सिंह, मोहन लाल, यशपाल, तेजपाल, चमन कुमार, बलदेव सिंह, विक्की, कृष्णदत्त और यादविंद्र कुमार के अनुसार उनके गांव में पांच दिनों से पानी की सप्लाई नहीं हुई है, जिसके कारण उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उनके क्षेत्र में भी कई दिनों से पानी की सप्लाई सुचारु रूप से नहीं हो रही है तथा पांच-छह दिनों में मात्र एक बार अपर्याप्त पानी आ रहा है। वहीं धर्मपुर के स्थानीय निवासी सुरेंद्र ठाकुर, कमल चंदेल, राजीव कुमार, राजकुमार, मनोज कुमार और संध्या बंसल आदि ने बताया कि उन्हें पानी की सप्लाई विभाग की ओर से तीसरे-चौथे दिन की जा रही है।
60 लाख लीटर मिल रही सप्लाई : चौहान
आईपीएच विभाग के एसडीओ पीआर चौहान के अनुसार सोलन में प्रतिदिन गिरि और अश्वनी योजना से लगभग 80 लाख लीटर पानी की सप्लाई होती है। लो वोल्टेज के कारण आजकल 50 से 60 लाख लीटर सप्लाई आ रही है। मंगलवार शाम तक सप्लाई सुचारु कर दी जाएगी।
50 प्रतिशत ही आ रही सप्लाई : ठाकुर
इस संबंध में नगर परिषद के एसडीओ एमएल ठाकुर ने बताया कि शहर में प्रतिदिन 70 से 80 लाख लीटर पानी की जरूरत होती है। महज 40 लाख लीटर पानी की आपूर्ति मिल रही है। इससे शहर में पेयजल आपूर्ति भी चरमरा रही है। मंगलवार को डिग्री कालेज, धोबीघाट और शहर के कुछ क्षेत्रों में सप्लाई की गई।
