पाना है सरकारी लाभ तो जल्द बनवाएं आधार कार्ड

अगर आपको भविष्य में सरकार की लाभकारी योजनाओं व सब्सिडी का लाभ पाना है तो आधार कार्ड का पंजीकरण करवा लीजिए। ऐसा न करने पर आपको मिल रहा लाभ रोका जा सकता है, क्योंकि नए साल से आपका आधार कार्ड नंबर ही सरकार से मिलने वाली सब्सिडी व लाभकारी योजनाओं का लाभ पाने का आधार बनेगा।

दिल्ली सरकार इस दिशा में अपने कदम बढ़ा चुकी है। सब कुछ ठीक रहा तो नए साल के पहले सप्ताह में इसकी घोषणा की जा सकती है। इसके बाद उसी को सब्सिडी व योजनाओं का लाभ मिलेगा, जिसके पास आधार कार्ड होगा।

दिल्ली सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी की मानें तो लाभकारी योजनाओं का लाभ पाने वाले लोगों को सब्सिडी के रूप में मिलने वाला लाभ (कैश) आधार कार्ड के आधार पर दिया जाएगा, जो कि जरूरतमंद के बैंक खाते में सीधे जाएगा। इसे लेकर मुख्यमंत्री बैंक अधिकारियों के साथ बैठक कर चुकी हैं। आधार कार्ड पंजीकरण करने वालों के बैंक अकाउंट की जानकारी इससे जोड़ने के लिए अधिकारियों से कहा गया है।

मंडलायुक्त धर्मपाल के मुताबिक, दिल्ली की 85 फीसदी आबादी का आधार पंजीकरण हो चुका है। दूसरे चरण के पंजीकरण की प्रक्रिया अगस्त से जारी है। 35 लाख लोगों का पंजीकरण करना था। दिसंबर मध्य तक यह पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जल्द ही सरकार की सारी स्कीम आधार कार्ड से जोड़ दी जाएगी।

क्या होगा फायदा
-सरकार व उपभोक्ता दोनों को लाभ होगा।
-सरकारी कार्यालयों के काम में पारदर्शिता आएगी।
-अलग-अलग एजेंसी से एक ही लाभ लेने वाले पकड़े जाएंगे।
-वेरीफिकेशन की लंबी प्रक्रिया खत्म हो जाएगी।
-आवेदन में तेजी आएगी।
-लाभ सही व्यक्ति को मिल रहा है कि नहीं, इसका पता चलेगा।

क्या हैं परेशानियां
-पंजीकरण का काम अभी तक पूरा नहीं हुआ।
-पंजीकरण के बाद भी डिलीवरी में देरी।
-अभी तक कार्ड से बैंक अकाउंट खाते नहीं जुड़ पाए हैं।
-सभी विभाग इसे नहीं मानते हैं।
-एनपीआर व आधार को लेकर भी लोग आशंकित।

आधार व एनपीआर में कन्फ्यूजन
लोगों में आधार व नेशनल पॉपुलेशन रजिस्टर (एनपीआर) को लेकर कन्फ्यूजन है। दरअसल दोनों में एक ही तरह की जानकारी ली जा रही है। इससे कई लोग नाराज हैं। अधिकारियों का कहना है कि आधार है तो एनपीआर कराना अनिवार्य नहीं है। आधार होने पर आपको सेंटर पर जाकर सिर्फ आधार कार्ड नंबर बताना है। एनपीआर का रजिस्ट्रेशन अपने आप हो जाएगा।

Related posts

Leave a Comment