
रोहड़ू। डोडरा क्वार क्षेत्र को जोड़ने वाली सड़क पांच महीने से बंद है। दूरदराज क्षेत्र के लोगों को कई किलोमीटर पैदल सफर तय करने के बाद वाहनों की सुविधा मिल रही है। लोनिवि हिमपात के बाद बंद सड़क को अभी तक नहीं खोल पाया है। इसके चलते क्षेत्रवासियों में लोनिवि की कार्यप्रणाली के प्रति रोष व्याप्त है।
हिमपात के कारण डोडरा क्वार क्षेत्र के लिए बनी सड़क नवंबर में बंद हो चुकी है। पांच महीने से सड़क के बंद होने से लोगों को पैदल सफर करके क्षेत्र से बाहर निकलना पड़ रहा है। क्वार पंचायत के उपप्रधान शंकर चौहान, डोडरा के उपप्रधान सोहन लाल तथा डोडरा पंचायत के पूर्व प्रधान राजेश नंदियाण का कहना है कि सड़क बंद होने के कारण क्षेत्र से लोगों को वाया उत्तराखंड नैटवाड़ होते हुए सड़क तक पहुंचना पड़ रहा है। लोगों को आवश्यक सामान के लिए पूरे दिन का पैदल सफर करने के बाद रोजमर्रा का सामान दूसरे दिन घर पहुंचाना पड़ रहा है। क्षेत्र की पांच पंचायतों को लाभान्वित करने वाली सड़क अभी तक नहीं खुली है। क्षेत्रवासियों ने मांग उठाई है कि शीघ्र सड़क को बहाल किया जाए। लोनिवि के अधिशासी अभियंता एनएल चौहान ने बताया कि डोडरा क्वार सड़क को खोलने का काम तेजी से चल रहा है। उन्होंने कहा कि चांशल घाटी में सड़क पर भारी बर्फ जमी है। इससे सड़क खोलने में देरी हो रही है। कुछ दिन के अंदर सड़क को बहाल कर दिया जाएगा।
