
हमीरपुर। छात्र संसद चुनावों के लिए होने वाले मतदान को लेकर कॉलेजों ने अंतिम वोटर लिस्ट सोमवार को जारी कर दी। चुनावों में हमीरपुर जिला के विभिन्न 11 कॉलेजों में 9 हजार 878 मतदाता छात्र प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। हालांकि कुछेक स्थानों पर पूर्व की तरह प्रत्याशियों के निर्विरोध चुने जाने की संभावना भी है, लेकिन नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के पश्चात ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। जिला मुख्यालय स्थित हमीरपुर कॉलेज में सबसे अधिक छात्र मतदाता हैं।
हमीरपुर कालेज में कुल 3116 छात्र मतदाताओं को सूची में शामिल किया गया है। 240 छात्र पात्रता न होने के कारण बाहर रहे हैं। दूसरे स्थान पर राजकीय महाविद्यालय नादौन में कुल 1893 मतदाता छात्र सूची में शामिल हैं। नादौन कॉलेज में 180 के करीब छात्र मतदाता सूची से बाहर हुए हैं। बड़सर कॉलेज में पांच दर्जन छात्रों को पात्रता न होने के कारण मतदाता सूची से बाहर किया गया है। राजकीय महाविद्यालय सुजानपुर में 1139, राजकीय महाविद्यालय बड़सर में 928, राजकीय महाविद्यालय भोरंज में 723, डीडीयू कॉलेज मैहरे में 140, बीबीएन महाविद्यालय चकमोह में 787, बीबीएन संस्कृत महाविद्यालय चकमोह में 70, जनरल जोरावर सिंह कॉलेज धनेटा में 362, लक्ष्मीबाई कन्या महाविद्यालय भरेड़ी में 270 और गौतम गर्ल्ज कॉलेज हमीरपुर 450 छात्र मतदाता हैं। छात्र संसद चुनावों को लेकर छात्र संगठनों ने प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतार दिए हैं। प्रत्याशियों सहित कार्यकर्ता व्यक्तिगत और डोर टू डोर अभियान से छात्रों के साथ संपर्क साधने में डटे हैं।
