
सलूणी (चंबा)। विकास खंड सलूणी की चार पंचायतों के लोगों को जल्द सड़क सुविधा मिलने जा रही है। लोक निर्माण विभाग जल्द ही धुत्ता-कुठेड़ सड़क को पक्का करने का कार्य शुरू करवाने जा रहा है। इसके लिए विभाग को 98 लाख रुपये की राशि मंजूर हुई है। विभाग ने इसके टेंडर भी कर दिए हैं। कुछ ही दिनों में सड़क का काम शुरू होने जा रहा है। विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक धुत्ता-कुठेड़ सड़क का निर्माण प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत किया गया है। अभी तक इसे पक्का नहीं किया जा सका था।
ग्रामीण लंबे अरसे से इसे पक्का करने की मांग करते आ रहे थे। अब इस सड़क के पक्का होने से ग्राम पंचायत डांड, डियूर, पिछला डियूर और कंधवारा के दर्जनों गांवों के बाशिंदों को लाभ मिलेगा। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता डीएस पठानिया ने बताया कि इस सड़क को पक्का करने के लिए 98 लाख रुपये की राशि मंजूर हो गई है। टेंडर भी हो चुके हैं। संबंधित ठेकेदार को इस सड़क को पक्का करने के निर्देश दे दिए गए हैं।
