88 करोड़ से सुधरेगी सैफई तक फोरलेन की दशा

इटावा। नौरंगाबाद पुलिस चौकी से सैफई तक बनने वाले फोरलेन मार्ग के लिए सर्वे कार्य शुरू हो गया है। पीडब्लूडी के इंजीनियरों ने शनिवार को सड़क की पैमाइश की और इस मार्ग पर पड़ने वाले बिजली के खंभों व पेड़ों को चिंह्ति किया।
शहर की नौरंगाबाद पुलिस चौकी से लेकर सैफई की ओर जिले की सीमा तक कुल 23 किमी लंबे मार्ग को फोरलेन में बदला जाएगा। इस कार्य पर करीब 88 करोड़ रुपए खर्च होने की संभावना है। सड़क को फोरलेन में तब्दील किए जाने की प्रक्रिया शनिवार से शुरू कर दी गई। पीडब्लूडी के अवर अभियंताआें ने पुलिस चौकी से सड़क की पैमाइश शुरू की। हर 25 मीटर पर यह पैमाइश की गई और साथ ही इस दूरी में जो भी बिजली के पोल और पेड़ आए उनकी गिनती की गई। एक तरफ सर्वे कार्य किया जाता रहा तो दूसरी तरफ लोग उमड़ते रहे। हर कोई यह जानने की कोशिश में रहा कि आखिर फोरलेन सड़क बनने पर उसकी दुकान या मकान में तोड़फोड़ तो नहीं की जाएगी।
उधर, इस बाबत पीडब्लूडी एक्सईएन आरके सिंह ने बताया कि इस फोरलेन मार्ग का टेंडर निकाला जा चुका है। फोरलेन मार्ग में पक्की सड़क की चौड़ाई 15 मीटर होगी। बीच में एक मीटर का डिवाइडर होगा। इस मार्ग पर निर्माण कार्य इसी माह शुरू होने की संभावना है। मार्ग के चौड़ीकरण के दौरान तोड़फोड़ की आशंका पर उनका कहना रहा कि शहर मेें कुछ एक स्थानों पर निर्धारित चौड़ाई कुछ कम हो सकती है। अन्यथा 23 किमी लंबे मार्ग मेें पर्याप्त चौड़ाई उपलब्ध है। इसलिए कुछ एक स्थानों पर सड़क की चौड़ाई कुछ कम रह सकती है। यह मार्ग सैफई से आगे दो किमी जिले की सीमा तक निर्मित होगा।

Related posts