
कुल्लू। जिला स्तरीय अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन मंगलवार को पंचायत समिति के सभागार कुल्लू में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला कल्याण विभाग, गैर सरकारी संस्था नटराजन, स्टेट बैंक आफ इंडिया, स्वास्थ्य विभाग, रोटरी नेत्र चिकित्सालय रूआडू के तत्वाधान हुआ।
समारोह की अध्यक्षता डीसी राकेश कंवर ने की। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों और मां-बाप का आदर सम्मान करना हमारी सभ्यता एवं संस्कृति का अभिन्न अंग है। इसलिए हर युवा वर्ग को नि:स्वार्थ भाव से बुजुर्गों और अभिभावकों की सेवा करनी चाहिए। कहा कि वर्तमान में सामाजिक परिवेश में वृद्धाओं की अनदेखी समाज के लिए गंभीर समस्या बनती जा रही है। इसलिए गैर सरकारी संगठनों को समाज सेवा और अधिक प्रभावी ढंग से कार्यान्वयन करने के लिए युवा पीढ़ी को स्वयं सेवक के रूप में तैयार करने पर बल देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में स्थापित रेडक्रास सोसाइटी की लैब में 70 वर्ष से अधिक उम्र के वृद्धों को निशुल्क लैब टेस्ट सुविधा मिलेगी। इसके अतिरिक्त रेडक्रास लैब में महीने में दो दिन वृृद्धाओं को मुफ्त में टैस्ट सुविधा दी जाती है। समारोह में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुशील कुमार, बीडीओ भानु प्रताप, रोटरी क्लब के सदस्य डा. पीडी लाल सहित वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लिया।
पांच हजार तक ले सकते हैं खर्चा
डीसी ने बताया कि ‘माता-पिता भरण पोषण योजना’ के तहत वृृद्ध एवं माता-पिता अपने बच्चों से भरण पोषण के लिए 5000 रुपये प्रतिमाह तक खर्चा ले सकते हैं। जिला कल्याण अधिकारी प्रताप नेगी ने बताया कि सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत 60 वर्ष से अधिक आयु के वृृद्धों को हर माह 500 रुपये की पेंशन मिल रही है। 80 वर्ष से अधिक आयु के वृृद्धों को 1000 रुपये प्रतिमाह की दर से वृृद्धावस्था पेंशन दी जा रही है। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों को एवं बुजुर्ग दंपतियों को विभाग की ओर से सम्मानित भी किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने निशुल्क मेडिकल चेकअप कैंप का आयोजन किया। रोटरी नेत्र चिकित्सा क्लब के सौजन्य से बुजुर्गों के नेत्रों की जांच की गई।
