कुल्लू। घाटी में बार-बार बदलता मौसम का मिजाज लोगाें की सेहत पर भारी पड़ने लगा है। लोग वायरल की चपेट में आ रहे हैं। सर्दी, जुकाम, बुखार तथा खांसी के मरीजों की संख्या में वृद्धि होने लगी है। करीब 500 ओपीडी वाले क्षेत्रीय अस्पताल में इन दिनों उपचार के लिए मरीजों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। अस्पताल में भरती मरीजों की संख्या में भी वृद्धि होने लगी है। जिला अस्पताल के अलावा जिला के बंजार, सैंज, जरी, मनाली, निरमंड तथा आनी के सरकारी अस्पतालों तथा निजी अस्पतालों में भी मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। ओपीडी में भी मरीजों की संख्या में 25 फीसदी तक बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। इलाज के लिए क्षेत्रीय अस्पताल पहुंची उमा ठाकुर, देवकी, रामप्यारी, राजू, प्रेम सिंह, हितेंद्र तथा आशा देवी के अनुसार वह बुखार से पीड़ित हैं। चार-पांच दिन दवा लेने के बाद भी अभी भी बुखार है। मीना, पूर्ण चंद तथा हेमा ने बताया कि उनके बच्चे वायरल की चपेट में आए हैं। खासकर जुकाम और खांसी से उनका पिछले एक सप्ताह से बुरा हाल है। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुशील चंद्र शर्मा के अनुसार मौसम के बदलते मिजाज और तापमान में आ रहे उतार-चढ़ाव के कारण यह समस्या सामने आ रही है। लोगों को सावधानी बरतने की आवश्यकता है। गरमी का मौसम आने से अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है।

ऐसे करें बचाव
– साफ सफाई का रखें ख्याल
-पानी का उबाल कर करें सेवन
-बच्चे नंगे पांव में न चले।
-कोलड्रिंक्स-कुल्फी के सेवन से बचें

Related posts