
चिंतपूर्णी (ऊना)। सावन अष्टमी मेले के तीसरे दिन लगभग 50 हजार श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में हाजिरी लगवाई। सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें दोपहर तक मंदिर से लगभग एक किलो मीटर की दूरी पार कर चुकी थी। बाजार के एक तरफ डबल लाइन लग जाने से दुकानों पर कामकाज ठप रहा। मेले के दौरान अच्छे कामकाज की आस में बैठे इन दुकानदारों को सावन अष्टमी मेले के तीसरे ही दिन जोर का झटका देकर खाली बैठने को मजबूर कर दिया। मंदिर के कपाट रात एक बजे ही खोल दिए गए। मात्र 1 घंटे तक मंदिर कैंपस में सफाई के लिए ही मंदिर बंद किया जाता है।
मंदिर अधिकारी सुभाष चौहान ने बताया कि मंदिर रात को मात्र 1 घंटे के लिए ही बंद कर कैंपस की सफाई कर खोल दिया जाता हैं। सहायक मेला अधिकारी एसडीएम अंब ने बताया कि आने वाले चार पांच दिनों के दौरान मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रहने की संभावनाएं हैं। उन्हाने मेला क्षेत्र में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को चार पांच दिन तक और भी मुस्तैद रहने के निर्देश दिए हैं। गौरतलब है कि शुक्रवार के दिन ईद की छुट्टी के कारण भीड़ में काफी बढ़ोतरी दर्ज की गई। शनिवार एवं रविवार दिन भी छुट्टी के चलते भीड़ और भी बढ़ जाने की उम्मीद हैं।
