50 राज्यों मे आज से शुरू होगी ‘ओबामाकेयर’ बीमा की बिक्री

50 राज्यों मे आज से शुरू होगी ‘ओबामाकेयर’ बीमा की बिक्री

विपक्षी रिपब्लिकन पार्टी के पुरजोर विरोध के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के प्रिय स्वास्थ्य रक्षा कानून के तहत आज 50 राज्यों में बीमा पालिसियों की बिक्री शुरू हो जाएगी। यह कानून राष्ट्रपति के दिल के इतने करीब है कि उन्होंने बजट में विपक्ष के अड़ंगे के कारण देश में आंशिक आर्थिक बंद हो जाने के बाद भी इस कानून को स्थगित करने से मना कर दिया।

वर्ष 1960 में हेल्थ केयर विधेयक के बाद से यह अमेरिका का सबसे महत्वाकांक्षी कानून है। इस कानून के तहत हर अमेरिकी नागरिक के लिए स्वास्थ्य बीमा कराना जरूरी है अन्यथा उसे जुर्माना भरना होगा। साथ ही इसमें लिंग या स्वास्थ्य रिकार्ड के आधार पर किसी तरह के भेदभाव की भी मनाही है। इसके तहत लगभग 70 लाख लोगों को लाभ मिलेगा।

‘ओबामाकेयर’ नाम से प्रसिद्ध हो चुके इस कानून के लिए आज से 31 मार्च 2014 तक लोगों को बीमा खरीदने का समय दिया गया है। ओबामा का तर्क है कि गरीबों को स्वास्थ्य सुरक्षा देने के लिए यह कानून जरूरी है। विपक्ष के अडिय़ल रुख पर कल उन्होंने कहा, ”उचित कीमत पर स्वास्थ्य सेवा आ रही है। इसके लिए राशि तय हो चुकी है, आप इसे बंद नहीं कर सकते।”

Related posts