50 फीसदी अंकों की शर्त खत्म करें

कुल्लू। केंद्रीय टीचर ऐलिजिविल्टी टेस्ट पास अध्यापकों ने केंद्रीय विद्यालयों में निकाले गए पदों में जमा दो में 50 फीसदी अंकों की शर्त का विरोध किया है। इस संबंध में कुल्लू में सी टैट पास अध्यापकों ने बैठक कर जमा दो में रखी पचास फीसदी अंकों की शर्त को हटाने का आग्रह किया है।
सीटैट पास अध्यापकों ने इस मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से भी गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि जब सीटैट की परीक्षा ली थी तो उसमें योग्यता जमा दो 45 प्रतिशत अंक और दो साल जेबीटी का डिप्लोमा रखी थी। इस शर्त पर कई उम्मीदवारों ने सीटैट की परीक्षा दी और इसे पास किया। लेकिन अब केंद्रीय विद्यालयों में प्राथमिक अध्यापकों के लिए निकाले 4043 पदों में जमा दो में 50 फीसदी अंकों की शर्त लगा दी गई है। इस शर्त के कारण कई सीटैट पास अभ्यर्थी केंद्रीय विद्यालयों में प्राथमिक अध्यापकों के पदों के लिए आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। कहा कि इस शर्त से कई युवा रोजगार से वंचित हो जाएंगे। इन युवाओं ने केंद्रीय विद्यालय के लिए निकाले अध्यापकों के 4043 पदों के लिए रखी 50 फीसदी अंकों की शर्त में छूट देने की मांग की गई।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय विद्यालयों में एससी, एसटी और ओबीसी को भी अंकों में छूट नहीं दी है। बैठक में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से भी इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। बैठक में संजय, युवराज, विजय, अमर चंद, रूप सिंह, मीना कुमारी, प्रेरणा शर्मा, राधिका, सुनील कुमार और राजकुमार समेत कई सीटैट पास अध्यापकों ने भाग लिया।

Related posts