
लठियाणी (ऊना)। बेरोजगार कला अध्यापक ों की बैठक उपमंडल बंगाणा में कला अध्यापक संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में संघ ने कुछ अहम मुद्दों पर विशेष चर्चा की। इसमें कहा गया कि वर्तमान सरकार की ओर से संशोधित आरएंडपी के तहत कला अध्यापकों के रद किए गए 3306 आवेदन पर चर्चा की जाएगी। आवेदन प्रार्थना पत्रों पर बेरोजगार कला अध्यापकों की ओर से सरकार के माध्यम से लगाई गई जमा दो में 50 प्रतिशत अंकों वाली शर्तों में छूट प्रदान करने की मांग की गई। संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने कहा कि जिस समय ये कोर्स शुरू किए गए थे, उस समय भी कांग्रेस सरकार ने ही एससीवीटी के माध्यम से यह कोर्स शुरू किए थे। उस समय सरकार ने ऐसा कोई नियम नहीं बनाया था कि शैक्षणिक योग्यता जमा दो में 50 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले छात्र को ही इसमें दाखिला मिलेगा, इसलिए इस नियम को 2012 के बाद के अभ्यर्थियों पर ही लागू किया जाना चाहिए। इस मौके पर प्रशिक्षित बेरोजगार अजय कुमार, अनीता शर्मा, मुकेश कुमार, प्रवीन कुमार, सपना देवी, ज्योति, रमेश चंद, वीरेंद्र कुमार, पवन कुमार, मनोज शर्मा, विपन कुमार, अंजना कुमारी, सीमा देवी व मीना कुमारी मौजूद रहीं।
