
हमीरपुर। जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में परिवहन मंत्री, खाद्य आपूर्ति, तकनीकी शिक्षा मंत्री जीएस बाली ने घोषणाओं की झड़ी लगाई। हमीरपुर में पचास करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक बस अड्डे के निर्माण की घोषणा की। साथ ही वर्तमान बस अड्डा परिसर में व्यावसायिक परिसर का मास्टर प्लान तैयार होने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 31 जुलाई तक सेवानिवृत्त परिवहन निगम के कर्मचारियों को पेंशन लाभ दिया जाएगा। जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल), हमीरपुर के खेल मैदान में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
मुख्यातिथि जीएस बाली ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा मार्चपास्ट की सलामी ली। कहा कि हिमाचल के विकास और निर्माण में अमूल्य सहयोग देने वाले महापुरुषों की कुर्बानियों से सामाजिक एकता एवं अखंडता बनाए रखने की प्रेरणा मिलती है। जिला बिलासपुर के बंदला में एनएचपीसी और एनटीपीसी के सहयोग से हाइड्रो पावर अभियांत्रिकी महाविद्यालय स्थापित किया जाएगा। जिला कांगड़ा में भी एक ऐसा ही महाविद्यालय स्थापित किया जाएगा। बेरोजगारों को स्वरोजगार उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री स्वरोजगार परिवहन योजना का शुभारंभ करने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि हमीरपुर से अमृतसर के लिए बाबा बालक नाथ गोल्डन टेंपल बस सेवा आरंभ की जाएगी। विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विधायक राजेंद्र राणा, कृषि उपज समिति के चेयरमैन प्रेम कौशल, हिमफेड के डायरेक्टर आरसी डोगरा, कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता दीपक शर्मा, महासचिव सुनील बिट्टू, पूर्व विधायक कुलदीप पठानिया, पूर्व विधायक मनजीत डोगरा, महिला आयोग की सदस्य प्रोमिला, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष नरेश ठाकुर, महिला कांग्रेस की अध्यक्ष राकेश रानी, ब्लाक अध्यक्ष रीता खन्ना, पार्षद मनोरमा लखनपाल, पार्षद राधा रानी, पार्षद राकेश वर्मा, राजेश शर्मा, अश्वनी शर्मा, महासचिव राजेश चौधरी, कांग्रेस के जिला सचिव सुमन भारती एवं अजय शर्मा, जिला कांग्रेस के उपाध्यक्ष सुदर्शन शर्मा सहित उपायुक्त आशीष सिंहमार, पुलिस अधीक्षक बृज मोहन शर्मा, एडीसी हिमांशु शेखर चौधरी सहित गणमान्य व्यक्ति एवं अधिकारी उपस्थित थे।
