
हमीरपुर। जिला हमीरपुर के अंतर्गत 1.26 लाख राशन कार्ड धारक परिवारों में से 48,792 परिवारों को खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ मिलेगा। शहरी क्षेत्रों में 1947 पात्र परिवारों का चयन किया जाएगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 46845 पात्र परिवारों का चयन किया जाएगा। पात्र परिवारों के चयन के लिए दो प्रक्रियाएं निर्धारित की हैं। पात्र परिवारों का चयन स्वत: (ऑटोमेटिक) तथा नए परिवार (फ्रेश) के आधार पर होगा। शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में परिवारों का चयन नगर निकायों, ग्राम सभाओं के माध्यम से किया जाएगा। परिवारों के चयन की प्रक्रिया उपायुक्त की देखरेख एवं मार्गदर्शन में पूरी की जाएगी।
जिले में मौजूदा समय में 1.26 लाख के करीब राशन कार्ड धारक हैं। इनमें से करीब 91 हजार एपीएल राशन कार्ड धारक हैं। ऑटोमेटिक (स्वत:) चयन के तहत बीपीएल, अंत्योदय, अन्नपूर्णा अन्न योजना में शामिल परिवारों का चयन होगा। योजनाओं के तहत जिला में करीब 35 हजार परिवार शामिल किए गए हैं। इसके अलावा सरकार निर्धारित विभिन्न मानकों के आधार पर पात्र अन्य नए (फ्रेश) परिवारों का चयन करेगी। अधिसूचना जारी होने के एक माह के अंदर पात्र परिवारों के चयन की प्रक्रिया पूरी की जानी है।
जल्द ही परिवारों के चयन की प्रक्रिया शुरू होगी। पात्र परिवारों को लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।
-प्रताप ठाकुर, जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी
कौन होंगे बाहर
प्रदेश तथा केंद्र में सरकारी विभागों में कार्यरत नियमित, अनुबंध कर्मचारी, विभिन्न बोर्ड और निगम, बैंक, सार्वजनिक उपक्रम में कार्यरत कर्मचारी, आयकर अदा करने वाले व्यापारी, ठेकेदार, पेंशनर योजना से सीधे बाहर हो जाएंगे।
ये होंगे शामिल
एकल नारी, भवन निर्माण में लगे पंजीकृत कामगार, मनरेगा के तहत कम से कम तीस दिन का रोजगार करने वाले परिवार, विधवा महिला मुखिया वाला परिवार, गंभीर बीमारी से पीड़ित व्यक्ति का परिवार, 60 से अधिक आयु के बुजुर्ग का परिवार, जिनके पास आय का पर्याप्त साधन नहीं है, 40 प्रतिशत से अधिक अपंगता वाले व्यक्ति का परिवार।
