49 लाख रुपये से भरा बैग ले उड़ा बदमाश

नई दिल्ली। पश्चिम विहार इलाके में कार सवार बदमाशों ने रियल इस्टेट कंपनी के कर्मचारियों का नोटों से भरा बैग उड़ा लिया। बैग में 49 लाख रुपये थे। पुलिस के अनुसार, रियल इस्टेट कंपनी पीएसीएल का कार्यालय पश्चिम विहार इलाके में है। मंगलवार की सुबह कंपनी का चपरासी रघु और उसका एक सहयोगी मुकेश कुमार कंपनी का 49 लाख रुपये लेकर कारपोरेशन बैंक में जमा करवाने जा रहे थे। कार्यालय से कुछ दूरी पर उनकी बाइक खराब हो गई। रुपये से भरे बैग को बाइक की सीट पर रखकर दोनों प्लग ठीक करने लगे। इसी दौरान वहां एक स्विफ्ट कार आकर रुकी। उसमें से एक युवक नीचे उतरा और बाइक पर रखे बैग को उठाकर वापस कार से फरार हो गया। दोनों कर्मियों ने तुरंत घटना की जानकारी कार्यालय में मौजूद एकाउंटेंट ललित यादव और पुलिस को दी। पुलिस वारदात में कंपनी के किसी कर्मचारी के शामिल होने का शक जता रही है।

Related posts