
ऊना। टकारला में सोमवार को उद्योग विभाग, वन विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, आईपीएच और विद्युत बोर्ड के अधिकारियों ने 484 कनाल भूमि की ज्वाइंट इंस्पेक्शन की। इस भूमि पर मिनी इंडस्ट्रियल एरिया की स्थापना के मकसद से प्रयास तेज कर दिए गए हैं। इस भूमि में पेड़ों की संख्या काफी कम है। हालांकि वन विभाग इन पेड़ों की गिनती करेगा। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि इस भूमि में पेड़ों को काटे बगैर ही नए औद्योगिक क्षेत्र को स्थापित किया जा सकता है। ज्वाइंट इंस्पेक्शन के साथ ही लैंड ट्रांसफर की प्रक्रिया भी तेजी से शुरू कर दी गई है।
उद्योग विभाग के महाप्रबंधक तिलक राज शर्मा ने ज्वाइंट इंस्पेक्शन किए जाने की पुष्टि करते हुए कहा कि टकारला में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना की दिशा में प्रयास तेज कर दिए गए हैं। इस औद्योगिक क्षेत्र के लिए विद्युत सप्लाई की व्यवस्था अंब या धुसाड़ा से की जाएगी। रेलवे लाइन और सड़क भी इस भूमि के नजदीक से गुजरने के कारण उद्योगपतियों को सुविधा होगी। इंडस्ट्रियल एरिया की स्थापना के लिए रेलवे लाइन को उद्योगपति अधिक अधिमान देते हैं। इस लिहाज से इस भूमि को उपयुक्त माना जा रहा है। इस भूमि से कुछ दूर खड्ड है जिसे पहले ही चैनेलाइज कर दिया गया है। इस समतल भूमि पर औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना को लेकर सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद जल्द ही हरी झंडी मिलने की उम्मीद है। महाप्रबंधक तिलक राज शर्मा ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना से कई बेरोजगारों को सीधा रोजगार मिलेगा। अप्रत्यक्ष तौर पर भी रोजगार के अवसरों का सृजन होगा।
सिंघानिया ग्रुप ने भी पसंद की थी भूमि
टकारला स्थित इस भू खंड को सिंघानिया ग्रुप ने भी औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना के लिए पसंद किया था। सिंघानिया ग्रुप यहां पर वाइन उत्पादन के साथ अन्य उत्पाद तैयार करने का इच्छुक था। किन्हीं कारणों से इस ग्रुप ने बाद में अपना इरादा बदल दिया। वहीं, जिंदल ग्रुप भी अंब क्षेत्र में ही टैक्सटाइल पार्क की स्थापना के लिए आगे आया है। योजना सिरे चढ़ी तो सैकड़ों बेरोजगारों को टैक्स टाइल पार्क में भी रोजगार के अवसरों का सृजन होगा।
पंडोगा में तैयारियां लगभग पूरी
महाप्रबंधक तिलक राज शर्मा ने कहा कि पंडोगा में 1800 कनाल भूमि में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना को लेकर तमाम औपचारिकताएं लगभग पूरी कर ली गई हैं। इस भूमि पर जल्द औद्योगिक क्षेत्र स्थापित करके कार्य शुरू होगा और रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
क्या कहते हैं उद्योग मंत्री
उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों की स्थापना और रोजगार के अवसर सृजित करने के मकसद से प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास कार्यों और औद्योगिक क्षेत्रों की स्थापना के रास्ते में धन की भी कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
