48 घटों से फंसीं एचआरटीसी की तीन बसें

कुल्लू। मानसून की बरसात लोक निर्माण विभाग के लिए आफत बनकर बरसी है। मूसलाधार बारिश से पहाड़ियों के धंसने, सड़क पर मलबा आने और डंगे ढहने से करीब आधा दर्जन से अधिक मार्ग पिछले तीन दिनों से बंद हैं। बंद पड़े मार्गों पर एचआरटीसी की तीन बसें भी तीन दिन से विभिन्न जगहों पर फंसी हैं। मूसलाधार बारिश से लोनिवि को भारी नुकसान हुआ है। पिछले तीन दिन में हुई बारिश से विभाग को करीब चार करोड़ की चपत लगी है। आनी-कुठेड़ मार्ग स्थित राणाबाग के पास पूरी पहाड़ी के धंसने से सड़क का करीब 50 मीटर हिस्सा बह गया है। इस कारण से राणाबाग, उतखनेर तथा रोहाचला मार्ग में निगम की एक-एक बस फंसी है। राणाबाग के पास हुए भारी भूस्खलन के चलते आनी-कुठेड़, आनी-उतखनेर-बांशा, आनी-छतरी तथा आनी-सुंदरनगर तथा आनी रोहाचला रूट पर बसों के पहिये तीन दिन से जाम हैं। इसके अलावा बागीपुल-बागासराहन बंजार-छतरी, भुइंका-कोटला, बंजाी टीपूधार तथा थाटीबीड़-जौरी मार्ग भी बंद पड़े हुए हैं। लोनिवि आनी के एक्सईएन अनिल शर्मा ने कहा कि बंद पड़ी सड़कों को खोलने का प्रयास किया जा रहा है। विभाग ने बंद मार्गों को खोलने के लिए मशीनरी व मजदूरों की तैनाती कर दी है। बस अड्डा प्रभारी आनी ओम प्रकाश ने इलाके में निगम की बसों से फंसने की बात कही है। कहा कि बंद चल रहे मार्गों पर फंसी निगम की बसों को जल्द निकाला जाएगा।

Related posts