
कुल्लू। लोनिवि आनी के लिए सिरदर्द बन चुका औट-लुहरी मार्ग 48 घंटे बाद यातायात के लिए बहाल कर दिया गया है। रविवार सुबह नौ बजे कड़ी मशक्कत के बाद मार्ग को बसों की आवाजाही के लिए खोला गया। 30 अगस्त से ठप चल रही बस सेवा फिर से बहाल होने के कारण बाह्य सराज की 58 पंचायतें जिला मुख्यालय से जुड़ी हैं। कोटनाला और माशनूनाला के पास लगातार पहाड़ी धंसने से मार्ग बार-बार बंद हो रहा है। इस कारण जहां जिला मुख्यालय को आवाजाही करने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है, वहीं इलाके के ऊपरी क्षेत्रों में अपने अंतिम पड़ाव पर चल रहे सेब को मंडियों तक पहुंचाने में बागवानों को परेशानी हो रही है। बीते दो दिन में यहां करीब आधा दर्जन सेब के वाहन फंसे थे, इन्हें 24 घंटे बाद यहां से निकाला गया। लोनिवि आनी के अतिरिक्त सहायक अभियंता एमडी अकेला ने कहा कि मार्ग बड़े वाहनों के लिए बहाल हो गया है। पहाड़ी से बार-बार मलबा गिरने और भूस्खलन होने से मार्ग अवरुद्ध हो रहा है। उन्होंने कहा कि स्थिति को देखते हुए विभाग ने मौके पर एक जेसीबी और एक डोजर की तैनाती की है। विभाग मार्ग को बहाल रखने में पूरी तरह से प्रयासरत है।
