35 साल बाद मिली सड़क सुविधा

आनी(कुल्लू)। कभी विभाग का सुस्त रवैया तो कभी ठेकेदार की लापरवाही का शिकार बनी आनी बश्ता सड़क आखिर पिछले तीन दशक बाद बनकर तैयार हो ही गई। सेब बहुल क्षेत्र को लाभान्वित करने वाली इस सड़क के पास होने की कई लोग राह देख रहे थे। आनी क्षेत्र की बहुचर्चित सड़क आनी बश्ता का सोमवार को ट्रायल हो गया है और अब सड़क पर जल्द नियमित रूप से बस चलेगी। क्षेत्र की आनी, जाबण, नंहोंग और दलाश की पांच हजार से ज्यादा आबादी को इस सड़क का लाभ मिलेगा।
पिछले करीब 35 सालों से बन रही आनी- बश्ता सड़क को एसडीएम आनी नीरज गुप्ता ने सोमवार को ट्रायल के बाद पास कर दिया। इस सड़क पर ट्रायल बस के दौड़ने और पास हो जाने से क्षेत्र की जनता में खुशी की लहर दौड़ गई है। एसडीएम आनी नीरज गुप्ता की अध्यक्षता वाली कमेटी का लोगों ने जगह-जगह भव्य स्वागत किया।
उल्लेखनीय है कि करीब एक माह पूर्व भी एसडीएम आनी नीरज गुप्ता ने इस सड़क का ट्रायल किया था लेकिन कुछ खामियों के चलते उन्होंने इसे असफल करार दिया था। साथ ही लोक निर्माण विभाग को करीब 10 जगह पर सुधार के सुझाव दिए थे जिनके ठीक होने के बाद ही दूसरा ट्रायल किया जाना था।
सोमवार को दूसरे ट्रायल के बाद आनी, जाबण क्षेत्र के गुडडू ब्रह्मचारी, एनडी ठाकुर, गुरदयाल, लाल सिंह ठाकुर, हंसराज, घनश्याम सहित अन्य लोगों ने खुशी जताई है और सरकार से मांग की है कि अब इसका जल्द उद्घाटन कर बस सेवा भी चालू की जाए। ट्रायल के दौरान एसडीएम आनी नीरज गुप्ता के अलावा एचआरटीसी के आनी के अड्डा प्रभारी तारा चंद वर्मा, लोनिवि आनी के एसडीएओ डीआर कश्यप, जेई धन सिंह शर्मा और अश्वनी शर्मा आदि भी मौजूद थे।

Related posts