
जालंधर: नगर निगम ने पंजाब सरकार और डिप्टी कमिश्नरों का आदेश प्राप्त होते ही जालंधर में 323 अवैध कालोनियों को नोटिस भेजने शुरू कर दिए हैं।
निगम ने इन कालोनियों को काटने वाले कालोनाइजरों की पहचान करके उनके नाम से नोटिस भरने शुरू कर दिए हैं और ए.टी.पीज की ड्यूटी लगाई गई है कि वे कालोनाइजरों को नोटिस सर्व करें। सूत्रों की मानें तो इस समय जालंधर की 119 अवैध कालोनियों ऐसी हैं, जिन बारे निगम को सब पता है और इन कालोनाइजरों बारे निगम और पुडा में रिकार्ड भी मौजूद है। पहले चरण में इन्हीं कालोनियों की सूची बनाई गई है और वहां नोटिस सर्व किए जा रहे हैं।
निगम को इस समय सबसे बड़ी समस्या यह आ रही है कि वह 323 कालोनियां काटने वाले कालोनाइजरों को ढूंढेगा कहां? गौरतलब है कि दर्जनों ऐसी कालोनियां हैं, जिनके मालिकों बारे निगम के पास कोई रिकार्ड नहीं। उन कालोनियों के नाम भी एक्सटैंशन के तौर पर रखे गए हैं और अब कई कालोनाइजर शहर या देश छोड़कर जा चुके होंगे। कई कालोनाइजर तो भगवान को भी प्यारे हो चुके होंगे। इसलिए निगम द्वारा कालोनाइजरों को नोटिस जारी करना टेढ़ी खीर साबित होगा।
