
कुल्लू। लोनिवि एवं आईपीएच वर्कर्स यूनियन इंटक के प्रदेश अध्यक्ष सीता राम सैनी ने मजदूरों के लिए 300 रुपये न्यूनतम दिहाड़ी करने की मांग की है। इसके अलावा लोनिवि के दसवीं पास बेलदारों को मेट बनाने की भी मांग प्रदेश सरकार से की है। यह बात शनिवार को मौहल रेस्ट हाउस में हुए लोनिवि एवं आईपीएच वर्कर्स यूनियन इंटक के जिला सम्मेलन यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष सीता राम सैनी ने कही। सम्मेलन में लोनिवि, आईपीएच तथा हाइड्रो प्रोजेक्ट इंटक के कई मजदूरों ने भाग लिया। कुल्लू विस इंटक के अध्यक्ष संजय शर्मा तथा जिला प्रोजेक्ट इंटक प्रभारी लगन ठाकुर ने बताया कि सम्मेलन में मजदूरों को पेश आ रही कई समस्याओं को लेकर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि जिला कुल्लू के लोनिवि और आईपीएच के कुशल व अर्धकुशल कर्मचारियों को 20:30:50 के अनुपात में श्रेणीकरण करके वेतनमान दिया जाए तथा तकनीशियन ग्रेड-1 और ग्रेड-2 के रिक्त पदों को कनिष्ठ तकनीशियनों से भरा जाए। इसके अलावा लोनिवि में दसवीं पास मेटों को पदोन्नत कर कार्य निरीक्षक बनाए जाए। इसके अलावा आठ साल पूरा कर चुके दिहाड़ीदारों को वर्कचार्ज कर उनको बकाया राशि का भुगतान करने की भी मांग की गई है। इस अवसर पर यूनियन के प्रदेश सचिव प्रेम लाल भाटिया, इंटक नेता खेम राम ठाकुर, सचिव खीमी राम चौहान, संयुक्त सचिव जगदीश कुमार, कोषाध्यक्ष श्याम दास महंत तथा लीला देवी सहित कई पदाधिकारी, सदस्य व लोनिवि, आईपीएच व विभिन्न प्रोजेक्टों के मजदूर शामिल रहे।
बाक्स:
संजय शर्मा बने कुल्लू इकाई के अध्यक्ष
सम्मेलन के दौरान कुल्लू इकाई के चुनाव भी करवाए गए। प्रदेशाध्यक्ष सीता राम सैनी की अध्यक्षता में हुए चुनाव में संजय शर्मा को सर्वसहमति से अध्यक्ष चुना गया। सैनी ने नवनियुक्त अध्यक्ष संजय शर्मा को जल्द अपनी कार्यकारिणी का गठन करने को कहा है।
