
कुल्लू। बोर्ड की बढ़ती देनदारी को लेकर बिजली बोर्ड ने सख्ती करना शुरू कर दी है। बोर्ड ने बिजली उपभोक्ताओं को निर्देश दिए हैं कि वह अब तय तिथि के तहत ही बिजली बिल जमा करवाए अन्यथा 30 जून के बाद बोर्ड बिना किसी नोटिस के बिजली कनेक्शन काट देगा।
देरी से जमा हो रहे बिजली बिलों से बढ़ रही देनदारी को कम करने के लिए बिजली बोर्ड ने यह कदम उठाया है। बोर्ड ने भी इस बात को मानते हुए कहा कि उपभोक्ताओं की लेटलतीफी से पेंडिंग राशि बढ़ रही है। इसको कम करने को लेकर बोर्ड ने यह फैसला लिया है। विद्युत उपमंडल भुंतर के सहायक अभियंता जीएस कौंडल ने क्षेत्र के उपभोक्ताओं से 30 जून तक बिलों को भरने का आग्रह किया है। कहा कि इसके बाद बोर्ड बिना किसी सूचना के कनेक्शन काट देगा। इसके लिए ग्राहक स्वयं जिम्मेदार होंगे। विद्युत बोर्ड के अधीक्षण अभियंता प्रवेश ठाकुर ने कहा कि बोर्ड ने यह निर्देश सभी 1.13 लाख उपभोक्ताओं को दिए हैं। कहा कि इस दायरे में बाह्य सराज आनी और निरमंड छोड़कर जिला कुल्लू के अलावा लाहौल-स्पीति और सीमांत लगते मंडी जिला के कुछ इलाके आते हैं। ठाकुर ने सभी उपरोक्त ग्राहकों से 30 जून तक अपने बिजली के बिल जमा करवाने को कहा है। उपभोक्ताओं को इस माह के बिजली बिल दिए हैं। तय तिथि तक बिल जमा करने होंगे। ऐसा न करने पर बोर्ड बिजली कनेक्शन बिना किसी नोटिस के काट देगा।
