
धुसाड़ा (ऊना)। क्षेत्र के पांवड़ा रोड पर वन विभाग ने एक पिकअप गाड़ी को 30 क्विटंल अवैध लकड़ी सहित दबोचा है। अवैध लकड़ी को परागपुर से पंजाब के होशियारपुर में भेजी जा रही थी। इसकी कीमत लाखों रुपए में बताई जा रही है। वन विभाग की टीम को देर रात लगाए नाके के दौरान यह सफलता हाथ लगी।
जानकारी के अनुसार वन विभाग ने गुप्त सूचना के आधार पर शनिवार रात पांवड़ा रोड पर गांव थपलां के पास पर रेंज गार्ड मुनीश रामपाल के नेतृत्व में नाका लगाया हुआ था। रविवार सुबह छह बजे लकड़ी के मोछों से भरी एक पिकअप गाड़ी आई। इसे वन कर्मियों ने नाके पर चेकिंग के लिए रोका। छानबीन के दौरान वन कर्मियों ने चालक से लकड़ी संबंधी दस्तावेज मांगे। चालक कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका। वन कर्मियों ने चालक को गिरफ्तार कर गाड़ी जब्त कर ली। वन कर्मियों की टीम में आरओ ऊना मुनीश रामपाल, बीओ पवन कुमार, रामगढ़ रेंज गार्ड रामपाल, शक्ति सिंह, रोहित धीमान, मनजीत सिंह शामिल रहे।
वन विभाग के डीएफओ आरके कौशल ने बताया कि वन विभाग की टीम ने 30 क्विंटल के करीब अवैध लकड़ी पकड़ी है। इसकी पड़ोसी होशियारपुर की ओर से तस्करी की जा रही थी।
