
भल्याणी (कुल्लू)। सालों से पक्की होने की राह ताक रही खोड़ाआगे-भलाण सड़क पर विभाग जल्द ही तारकोल बिछा देगा। सड़क 3.50 करोड़ की लागत से चकाचक होगी। सैंज घाटी की इस सड़क को पक्का करने के लिए सरकार ने धनराशि स्वीकृत कर दी है। केंद्र सरकार ने लोगों का सफर सुहाना बनाने के लिए पूरी तैयारी कर ली है। बजट स्वीकृत होने की पुष्टि लोनिवि के अधिशासी अभियंता डीआर शासनी ने की है। पीएमजीएसवाई के तहत जिले की निर्मित सड़कों को पक्का करने के लिए लोनिवि ने भी कमर कस ली है। इसी कड़ी में लोनिवि खोड़ाआगे-भलाण सड़क के टेंडर करवाने जा रहा है। टेंडर होते ही इस सड़क को विभाग पक्का करने का काम शुरू करेगा। इसके पक्का होने से गड़सा घाटी के पलगी, माहुन और नरोल गांव के लोगों का सफर सुहाना होगा। सैंज घाटी के कंडी, रंउनाल, जौली, देऊगी, भलाण, पुहारा, डनाला, काहुर, खनियारगी और घाट गांव के ग्रामीणों का सफर भी पहले से बेहतर होगा। यही नहीं घाटी के किसानों और बागवानों के उत्पाद भी मंडियों तक आसानी से पहुंच पाएंगे। लोगों ने धनराशि मंजूर होने पर केंद्र सरकार और लोनिवि का आभार प्रकट किया है।
स्थानीय निवासी रूलदू राम, टेक चंद, हेत राम, निहाल चंद, देवी राम और निक्का राम ने धन स्वीकृति के लिए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि सड़क पक्की होने से जहां उनके उत्पाद दागी नहीं होंगे, वहीं, आपात स्थिति में मरीजों को जिला अस्पताल पहुंचाने में भी आसानी रहेगी। लोनिवि के एक्सइएन डीआर शासनी ने बताया कि जल्द ही सड़क को पक्का कर जनता को समर्पित किया जाएगा।
0
inShare
