
पलचान (मनाली) बहुचर्चित गांव सोलंग नाला के लिए तीन करोड़ 45 लाख की लागत से पुल बनाया जाएगा। लोक निर्माण विभाग के एसडीओ मनाली हंस राज भारद्वाज ने बताया कि विभाग ने सोलंगनाला पुल के लिए 3 करोड़ 45 लाख 42 हजार की डीपीआर तैयार की है, जिसे स्वीकृति के लिए हमीरपुर भेजा गया है। उन्हाेंने बताया जैसे ही इस पुल के निर्माण को स्वीकृति मिलेगी, इसके लिए टेंडर आवार्ड कर दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार की ओर से सोलंगनाला और गौशाल पुल के कार्य को जल्द शुरू करने के लिए गंभीर है। पलचान पंचायत प्रधान सिंघी राम ने बताया कि इस पुल की सोलंग गांव वासियों को अति आवश्यकता थी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और सांसद प्रतिभा सिंह ने स्वयं सोलंगनाला के लिए पुल बनाने में रुचि दिखाई थी और आज उनके प्रयासों से पुल की डीपीआर बन गई है। उन्होंने बताया सड़क न होने के कारण वर्ष 2008 में आग लगने के कारण पूरा सोलंग गांव जलकर राख हो गया था। पलचान पंचायत के पूर्व उपप्रधान खूब राम ठाकुर और देवी सिंह तथा वहां के निवासी जगदीश चंद ठाकुर और टिकट राम ने बताया कि वह मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और प्रतिभा सिंह के आभारी हैं।
