
काईस (कुल्लू)। बीएसएनएल कुल्लू ने बकाया बिलों की वसूली को लेकर सख्ती दिखाना शुरू कर दी है। बिल न चुकाने वालों को नोटिस जारी कर तीस अप्रैल से पहले पेंडिंग बिल अदा करने की हिदायत दी है। नोटिस में साफ किया है कि अगर तय अवधि तक बिलों की अदायगी नहीं की गई तो निगम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएगा। बीएसएनएल इन उपभोक्ताओं को कई बार बिलों को जमा करने की हिदायत दे चुका है लेकिन बार-बार के आग्रह के बावजूद उपभोक्ताओं पर इसका असर नहीं हुआ। अब तीस अप्रैल के बाद निगम सीधा कोर्ट जाकर उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेगा।
जिला में 245 उपभोक्ताओं को विभागीय तथा 50 उपभोक्ताओं को लीगल नोटिस भेजे गए हैं। इन्होंने कई माह से बिलों की अदायगी नहीं की है। जिला में लैंड लाईन के 11 हजार उपभोक्ता हैं। कुल पेंडिंग बिलों की देनदारी 72 लाख 67 हजार रुपये हैं। इसमें डब्ल्यूएलएल के करीब 28.10 लाख और मोबाइल सेवा की करीब चार लाख रिकवरी बकाया है।
उपभोक्ताओं को जारी नोटिस में निगम ने कहा है कि अगर तय अवधि के बीच बिलों की अदायगी नहीं तो ऐसे उपभोक्ताओं के खिलाफ कोर्ट का दरवाजा खटखटाया जाएगा। साथ ही चेतावनी दी है कि इस अवधि में बिल जमा न किए तो एक मई से इन पर न्यायालय की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। बीएसएनएल के टीडीएम हरीश चंद ने बताया कि 30 अप्रैल से पहले बिल की अदायगी करने की हिदायत उपभोक्ताओं को दी है। इसके बाद निगम इन डिफाल्टर उपभोक्ताओं के खिलाफ न्यायालय का दरवाजा खटखटाएगा।
