25 लाख से तर होंगे बशौणा वासियों के हलक

कुल्लू। आईपीएच विभाग शमशी ने बशौणा पंचायत के ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल स्कीम से जोड़ने की कवायद शुरू कर दी है। विभाग ने बशौणा-खोडाआगे उठाऊ पेयजल योजना के निर्माण के लिए 25 लाख की मंजूरी दी है। योजना को सिरे चढ़ाने के लिए विभाग ने पाइपलाइन बिछाने का काम भी आरंभ कर दिया है। विभाग इस उठाऊ पेयजल योजना को व्यास की धारा से उठाएगा और खोडाआगे के पास पेयजल स्टोर टैंक बनाकर बशौणा, तुणीसेरी, बगीचा और खोलाआगे आदि गांवों के लिए सप्लाई देगा। अमूमन पेयजल की किल्लत से जूझ रहे बशौणा पंचायत के ग्रामीणों को इस योजना के बनने से पीने के पानी की समस्या से राहत मिलेगी। पंचायत प्रधान अमर नाथ, उपप्रधान निधि सिंह, ग्रामीण अमर चंद और चुने राम ने कहा कि उठाऊ पेयजल योजना से उनकी पंचायत के लोगों को पानी की समस्या नहीं रहेगी। लोगों ने आईपीएच विभाग से इस उठाऊ पेयजल योजना का जल्द निर्माण करने की मांग की है।
उधर, आईपीएच शमशी के अधीशासी अभियंता भजन लाल गुप्ता ने कहा कि बशौणा-खोडाआगे उठाऊ पेयजल योजना पर करीब 25 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। विभाग ने योजना का काम शुरू कर दिया है और इन दिनों पाइपों के बिछाने का काम चला है। उन्होंने कहा कि पेयजल योजना का कार्य पूरा होने के बाद इलाके के लोगों को पानी की समस्या नहीं रहेगी।

Related posts