
ऊना। अंब-दौलतपुर रेल सेक्शन में तीन गांवों का अवार्ड घोषित किया गया है। भू-ग्रहण अधिकारी एवं सहायक आयुक्त ऊना एसके पराशर ने गोंदपुर बनेहड़ा, मवां कोहलां एवं डंगोह कलां गांवों में जाकर पंचायत एवं गांव वासियों के सामने ये अवार्ड घोषित किया। इस अवार्ड के तहत इन तीन गांवों में लोगों से जमीन अधिग्रहण करके उन्हें मुआवजा राशि दी जाएगी।
एसके पराशर ने शनिवार को यहां बताया कि गोंदपुर बनेहड़ा गांव में 6.12.14 हेक्टेयर (छह हेक्टेयर से कुछ अधिक) जमीन आएगी जिसके लिए 5 करोड़ 55 लाख 48 हजार 152 रुपये मुआवजा राशि दी जाएगी। मवां कोहलां गांव में 7.04.78 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहण करके 5 करोड़ 52 लाख 62 हजार 459 रुपये और डंगोह कलां गांव में 16.71.83 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहण करके 13 करोड़ 7 लाख 10 हजार 311 रुपये की मुआवजा राशि दी जाएगी।
तीन दिन पहले भी सहायक आयुक्त पराशर के साथ एसडीएम अंब तथा रेलवे के अधिकारी गोंदपुर बनेहड़ा गए थे। अधिकारियों ने भू-मालिकों की राय जानी थी। उस दिन वहां पहुंचे कुछ भू- मालिकों ने तय मुआवजा राशि पर एतराज जताया था। भू-मालिक ठाकुर चैन सिंह, गोंदपुर बनेहड़ा लोअर के उपप्रधान जसवीर सिंह, गोंदपुर बनेहड़ा अप्पर की प्रधान उर्मिला देवी, कैलाश नगर की प्रधान दर्शना देवी समेत अन्य दर्जनों भू-मालिकों ने तर्क दिया था कि यह मुआवजा पुराने रेटों पर आधारित है। इन लोगों ने नए रेट पर मुआवजे की मांग की थी लेकिन अब सहायक आयुक्त पराशर ने 24.15 करोड़ रुपये मुआवजे को ही सही ठहराते हुए कहा है कि भू-मालिकों को यही मुआवजा राशि जारी की जाएगी।
