
हमीरपुर। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बीते 24 घंटे के दौरान साढ़े बासठ लाख (62.56 लाख) रुपए की सरकारी तथा निजी संपत्ति को नुकसान हुआ है। 24 घंटे के दौरान जिला में 25 मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड की गई है। इस अवधि के दौरान 20 कच्चे-पक्के मकानों, एक पटवार भवन तथा लोक निर्माण विभाग की सड़कों को नुकसान पहुंचा है। एक माह की अवधि के दौरान बारिश से करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ है। अनुमान के अनुसार 38 करोड़ रुपये की सरकारी तथा निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। उपायुक्त हमीरपुर आशीष सिंहमार ने बताया कि एक माह के दौरान जिला में 697.04 मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड की गई। इस कारण जिले में कुल 37 करोड़ 83 लाख 30 हजार 920 रुपए की निजी तथा सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा है और एक महिला की मलबे के नीचे दबने से मौत हुई। जिले में एक माह के दौरान 1015.50 हेक्टेयर कृषि भूमि प्रभावित हुई और 102 निजी घरों, एक सरकारी भवन पटवारखाने को भी क्षति पहुंचने से 3 करोड़ 48 लाख 24 हजार रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। विद्युत बोर्ड को 1 करोड़ 39 लाख 33 हजार 920 रुपए तथा आईपीएच को 4 करोड़ 41 लाख 21 हजार का नुकसान हुआ है। लोक निर्माण विभाग में कुल 262 यातायात सड़काें को 28 करोड़ 54 लाख 52 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।
किसको कितना नुकसान
विद्युत बोर्ड 1.39 करोड़
आईपीएच 4.41 करोड़
पीडब्ल्यूडी 28.54 करोड़
