2200 लोगों को मिलेगा स्वरोजगार

शिमला। हिमाचल प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड ने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत विभिन्न बैंकों से वित्तपोषण को 23.24 करोड़ की परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इसे वर्तमान वित्त वर्ष के लिए मंजूर किया गया है। यह जानकारी उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड की 214वीं बैठक में दी। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि इसका लाभ 214 लाभार्थियों को मिलेगा। इनसे 2200 लोगों को रोजगार मिलेगा। उन्होेंने कहा कि बोर्ड की राज्यस्तरीय प्रदर्शनी का आयोजन मंडी के अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि मेले में किया जाएगा।
उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री की अध्यक्षता में सोमवार को शिमला में हिमाचल प्रदेश राज्य हस्तशिल्प एवं हथकरघा निगम के निदेशक मंडल की 162वीं बैठक आयोजित की गई। अग्निहोत्री ने कहा कि राज्य हस्तशिल्प एवं हथकरघा निगम ने इस वित्त वर्ष के दौरान 1648.97 लाख रुपये की संचयी बिक्री दर्ज की है। पिछले साल के मुकाबले निगम ने इस वित्त के दौरान 190.03 लाख रुपये की बिक्री में वृद्धि दर्ज की है। उन्होंने कहा कि निगम द्वारा प्रदेश भर में विभिन्न शिल्पों में लगभग 40 प्रशिक्षण केंद्र चलाए जा रहे हैं तथा शीघ्र ही 29 और केंद्र आरंभ करने की योजना है। भारत सरकार ने बिलासपुर जिले के घुमारवीं के लिए एक सिल्क वीवर्स कलस्टर परियोजना स्वीकृत की है। इसकी कुल लागत 52.45 लाख है। इसका लाभ 238 से अधिक बुनकरों को होगा। राज्य हस्तशिल्प एवं हथकरघा निगम के प्रबंध निदेशक एसी शर्मा ने बैठक की कार्यवाही का संचालन किया। दूसरी ओर, हिमाचल प्रदेश सामान्य उद्योग निगम के निदेशक मंडल की बैठक हुई। इसमें उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सामान्य उद्योग निगम ने विभिन्न गतिविधियों के प्रभावी कार्यान्वयन से इस वित्त वर्ष के दौरान सितंबर माह तक 368.87 लाख रुपये का कुल लाभ अर्जित किया है। अग्निहोत्री ने कहा कि निगम मैहतपुर तथा परवाणू स्थित अपनी देसी शराब बाटलिंग इकाइयों के लिए बोतलें तैयार करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शीघ्र ही कार्क बनाने की इकाई स्थापित की जाएगी।

Related posts