22 दिन बाद भी नहीं खुली सांगला सड़क

सांगला (किन्नौर)। पर्यटन स्थल सांगला पूरे बाइस दिन बाद भी जिला मुख्यालय समेत देश दुनिया से कटा हुआ है। 16 और 17 जून को समूचे जिले में हुई भारी बारिश से 18 किमी लंबी कड़छम-सांगला सड़क जगह-जगह अवरुद्ध हो गई थी। तब से लेकर यह सड़क आज तक बंद है। अभी तक केवल यह सड़क करीब 600 मीटर ही बहाल हो पाई है।
हालांकि, लोक निर्माण विभाग के मजदूर सड़क बहाली के कार्य में लगे हुए हैं, लेकिन पहाड़ी से लगातार गिर रहे पत्थर कार्य में बाधा डाल रहे हैं। लोनिवि के एसडीओ सांगला रोहित गुप्ता ने कहा कि सड़क खोलने के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। इधर, सड़क न खुलने से सांगला क्षेत्र में रसोई गैस के सिलेंडरों समेत खाद्य सामग्री का अभाव बना हुआ है। ऐसे में लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। अगर सड़क जल्द बहाल नहीं हुई तो संकट और गहरा जाएगा। वहीं, लोगों को यातायात सुविधा से भी महरूम रहना पड़ रहा है। सड़क बंद होने से लोगों को कड़छम तक पहुंचने के लिए कई किमी पैदल सफर करना पड़ रहा है। दूसरी ओर डीजल और पेट्रोल की भी किल्लत हो गई है। इससे कामकाज प्रभावित होने की भी पूरी संभावना बनी है। डीएफसी किन्नौर जेएस वर्मा ने कहा कि सांगला क्षेत्र तक खाद्य सामग्री तथा रसोई गैस सिलेंडर पहुंचाने के लिए विकल्प तलाशा जा रहा है। अभी इस क्षेत्र के लिए खाद्य सामग्री और सिलेंडरों का स्टॉक कड़छम में एकत्र किया जा रहा है।

Related posts