
पंजावर (ऊना)। ईसपुर गांव में पुलिस ने शनिवार को सरकारी जमीन पर झुग्गियां बनाकर रहने वाले प्रवासी लोगों के खिलाफ अभियान छेड़ा। पुलिस एवं पंचायत की ओर से की गई कार्रवाई में सरकारी जमीन पर अवैध रूप से डेरा जमाए प्रवासियों की लगभग 200 झुग्गियों को हटा दिया गया है। ईसपुर पंचायत के प्रधान संजय पाठक ने कहा कि क्षेत्र में करीब 200 झुग्गी झोपड़ियां हैं। झुग्गियों में रहने वाले लोग ही क्षेत्र में आपराधिक वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। चोरी की वारदातों में बढ़ोतरी में भी इन्हीं लोगों का हाथ है। इससे पूर्व हुई कई वारदातों में भी झुग्गियों में रहने वाले लोगों की संलिप्तता पाई गई है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बढ़ रही आपराधिक वारदातों में यही लोग पकड़े जा रहे हैं। कभी झुग्गियों में रहने वाले लोग साधू का वेष धरकर घूमते हैं तो कभी संदिग्धों की तरह क्षेत्र में घूमकर रेकी करते रहते हैं। चरांद क्षेत्र में रह रहे प्रवासियों से स्थानीय लोगों तथा आसपास के लोगों को खतरा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों ने एसडीएम ऊना से इन लोगों को हटाने के लिए कहा था। एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा भी लिया था। प्रशासन की ओर से ईसपुर के नायब तहसीलदार मदन कुमार, पंडोेगा चौकी के प्रभारी दूनी चंद, गांव के पूर्व प्रधान मान सिंह, ईसपुर के पंचायत समिति के सदस्य सरवन कुमार बबलू सहित गांव के लोगों ने स्वां के किनारे रह रहे प्रवासियों को हटाया।
