
ऊना। जिले में राजीव गांधी अन्य योजना का आगाज हो गया है। इसके तहत ऊना जिला की 5.21 लाख की आबादी में से 2 लाख 65 हजार 893 लोगों को सस्ता राशन मिलेगा। इन लोगों को अब गेहूं 2 रुपये एवं चावल 3 रुपये प्रति किलो की दर से मिलेगा। हिमाचल प्रदेश इस योजना को लागू करने वाला देश का पांचवां राज्य बन गया है। यह खुलासा डीसी अभिषेक जैन ने वीरवार को इस योजना के ऊना जिला में प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आयोजित अधिकारियों की कार्यशाला में दी।
उन्होंने कहा कि इस योजना का लाभ लाखों परिवारों को मिलना है। जिला स्तर की कार्यशाला के बाद ऐसी कार्यशालाएं ब्लॉक स्तर पर भी आयोजित की जाएंगी, जिसमें अधिकारियों के अलावा आम लोगों को भी बुलाया जाएगा, जिससे इस योजना के प्रावधानों को लेकर किसी को किसी किस्म की भ्रांति न रहे। जैन ने कहा कि ऊना जिला के हरोली ब्लाक में इस योजना के तहत 11 हजार 714 परिवारों के 57087 लोगों, गगरेट ब्लाक में 9248 परिवारों के 46239, अंब ब्लाक के 11237 परिवारों के 16183, बंगाणा ब्लाक के 8402 परिवारों के 42011 और ऊना ब्लाक के 12875 परिवारों के 64373 लोगों को सस्ता राशन मिलेगा। उन्होंने कहा कि योजना से जिला के 53 हजार 179 परिवारों के 2 लाख 65 हजार 839 सदस्य लाभांवित होंगे। कुल मिलाकर जिले के 56 प्रतिशत लोगों को इस स्कीम का सीधे तौर पर लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि 7 अप्रैल को जिला भर में हुई ग्राम सभा की बैठकों में अंत्योदय अन्न योजना के तहत चिन्हित सभी परिवारों को राजीव गांधी अन्न योजना के दायरे में लाया जाएगा। इसके अलावा बीपीएल, सामाजिक सुरक्षा पेंशन धारक और अन्नपूर्णा योजना में शामिल सभी परिवारों को भी इस योजना के दायरे में लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि राशन कार्ड परिवार की सबसे बड़ी महिला सदस्य के नाम जारी किया जाएगा, जबकि महिला सदस्य के 18 वर्ष से कम आयु का होने पर राशन कार्ड पुरुष मुुखिया के नाम पर जारी किया जाएगा। जिस परिवार ने पिछले साल मनरेगा में 50 दिन से ज्यादा काम किया है, उन्हें भी इस योजना का लाभ मिलेगा।
हर माह 20 किलो गेहूं
उपायुक्त ने बताया कि अंत्योदय परिवार जिनके पास गुलाबी राशनकार्ड है, उन्हें प्रति परिवार 20 किलो गेहूं और 15 किलो चावल हर महीने क्रमश: 2 रुपये एवं 3 रुपये की दर से मिलेगा। उन्होंने कहा कि एपीएल कार्ड धारकों को वर्तमान प्रणाली के अनुसार आटा 18 किलो एवं चावल 9 किलो प्रति राशनकार्ड प्रति माह क्रमश: 8.50 रुपये एवं 10 रुपये की दर से जारी किया जाता रहेगा।
कार्यशाला में ये रहे मौजूद
कार्यशाला में एडीसी दर्शन कालिया, अंब एवं बंगाणा के एसडीएम, जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक यादविन्द्र पाल, परियोजना अधिकारी डीआरडीए चेतना खड़वाल, उपनिदेशक सेकेंडरी आरसी टबयाल, जिला कल्याण अधिकारी और जिला पंचायत अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
