2.20 करोड़ से होगी पानी की समस्या हल

खराहल (कुल्लू)। पानी की किल्लत से हमेशा जूझती रही खराहल घाटी के लोगों को जल्द ही इस समस्या से निजात मिलने की उम्मीद बंधी है। आईपीएच महकमे ने 2.20 करोड़ की लारी-मनारी-देवधार पेयजल का कार्य शुरू कर दिया है। दावा किया जा रहा है कि इस स्कीम के बनने से ग्राम पंचायत नेउली के दर्जनों गांव के ग्रामीणों के हलक तर होंगे। सरकार की ओर इस स्कीम के 2.20 करोड़ स्वीकृत हुए हैं।
घाटी के गांव देवधार, कुटलुपदर, कालुरूआड़, बदलोगी, चतानी, मनारी, लारी, कोट, ठेगाराशरण तथा देनीधार आदि गांवों के बाशिंदों को स्वच्छ पेयजल मुहैया करवाया जाएगा। अकसर इन क्षेत्रों में पानी की किल्लत रहती है। हालांकि आईपीएच महकमे ने प्राकृतिक जल स्रोतों से उक्त गांवों के ग्रामीणों को पेयजल की आपूर्ति हो रही है। बावजूद इसके भीषण गर्मी में प्राकृतिक जल स्रोतों में पानी कम होने से लोगों का पानी की किल्लत झेलनी पड़ती है। मौजूदा समय में 2.92 करोड़ से बनी पुईद उठाऊ पेयजल योजना लोगों को पानी मुहैया कर रही है। वहीं, 11.50 लाख से बनी ज्वाणी रोपा से बराधा उठाऊ पेयजल से भी लोगों को साफ पानी मुहैया करवाया जा रहा है।
घाटी के ग्रामीण अमित, चमन, रामचंद, राजेश, कमल, कला देवी, राजकुमार, गंगा राम तथा फौजू राम आदि का कहना है कि अधिक गर्मी के चलते प्राकृतिक स्रोतों में पानी कम होने से दिक्कतों का सामना करना पड़ता है, लेकिन उठाऊ पेयजल योजना के बनने से राहत मिलेगी। स्टोर टैंकों में सफाई नियमित नहीं हो पा रही है। उन्होंने आईपीएच विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि इस ओर विशेष ध्यान दिया जाए। इस संबंध में आईपीएच महकमे के जेई सूरजमणी ठाकुर ने कहा कि समय-समय पर स्टोर टैंकों की सफाई करवाई जा रही है। लारी-मनारी पेयजल योजना का कार्य जोरों से शुरू हो गया तथा दो फेस में योजना तैयार होगी। प्रथम चरण बदलोगी तक पानी पहुंचाया जाएगा और दूसरे फेस में लारी तक पेयजल आपूर्ति पहुंचेगी। इस योजना के बने जाने से पेयजल की समस्या काफी हद तक हल हो जाएगी।

Related posts