2 कौंसलरों ने किया नगर कौंसिल की मीटिंग का बायकाट

सुल्तानपुर लोधी (सोढी): नगर कौंसिल के पूर्व प्रधान व पूर्व मैम्बर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी जत्थेदार जैमल सिंह (मौजूदा कौंसलर) व उनके बेटे कौंसलर राजा गुरप्रीत सिंह ने नगर कौंसिल सुल्तानपुर लोधी की मीटिंग दौरान ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री गुरु का बाग साहिब के पिछली तरफ नगर कौंसिल की टैंकी वाली जगह में कार सेवा द्वारा आम जनता के लिए सांझा पार्क बनाने की मांग को दोहराया मगर नगर कौंसिल की तरफ से इस मांग संबंधी प्रस्ताव न डालने के विरोध में दोनों ने मीटिंग का बायकाट कर दिया तथा चलती मीटिंग छोड़कर वापस आ गए।

जत्थेदार जैमल सिंह मैम्बर जनरल कौंसिल पी.पी.पी. व राजा गुरप्रीत सिंह मीडिया को-आर्डीनेटर पी.पी.पी. ने बताया कि उन्होंने मीटिंग दौरान नगर कौंसिल के कार्रवाई रजिस्टर पर लिखित तौर पर अपना रोष जाहिर किया है कि नगर कौंसिल प्रधान जानबूझ कर पवित्र शहर में कार सेवा द्वारा बनाए जाने वाले आम जनता के सुंदर पार्क का विरोध करते हुए नगर कौंसिल में प्रस्ताव नहीं डाल रहे।

जत्थेदार जैमल सिंह ने कहा कि गुरु की नगरी में सुंदर पार्क संत बाबा शबेग सिंह जी कार सेवा वालों द्वारा गुरुद्वारा श्री गुरु का बाग साहिब के पिछली तरफ अपनी तरफ से करोड़ों रुपए खर्च करके बनाने की तजवीज है, जो कि पार्क बनाकर सार-संभाल के लिए नगर कौंसिल के हवाले करना चाहते हैं परन्तु नगर कौंसिल प्रधान पता नहीं क्यों गुरु घर की सुंदरता व शहर की नुहार बदलने वाले इस कार्य के लिए प्रस्ताव नहीं डाल रहे। उन्होंने बताया कि वह दोनों कौंसलर 25 जून की मीटिंग में गए थे तथा प्रस्ताव न डालने के रोष के तौर पर बायकाट करके आ गए।

दूसरी तरफ नगर कौंसिल प्रधान दिनेश धीर ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि उनका परिवार तीसरी पातशाही श्री गुरु अमरदास जी के आशीर्वाद से गुरु की नगरी के सुंदरता के कार्यों के लिए बढ़-चढ़कर भाग ले रहा है। उन्होंने कहा कि वह पार्क का प्रस्ताव डालने के विरुद्ध नहीं हैं परन्तु शहर के कुछ लोगों द्वारा विरोध किए जाने के कारण चुप हैं। उन्होंने कहा कि नगर कौंसिल के चुनाव सिर पर होने के कारण वह कोई भी नया झगड़ा नहीं लेना चाहते परन्तु वह गुरु घरों का बहुत सत्कार करते हैं।

Related posts