18 स्कूलों के 175 विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

सिहुंता (चंबा)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सिहुंता में जिला स्तरीय राष्ट्रीय लोक नृत्य एवं नाटक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसका आयोजन एससीईआरटी सोलन के सौजन्य से किया गया। इसमें जिला के 18 स्कूलों के 175 प्रतिभागियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम में उच्च शिक्षा उपनिदेशक विजय सिंह ठाकुर ने मुख्यातिथि के रूप में शिकरत की। इस मौके पर नशे पर आधारित नाटक का मंचन किया गया। इसके अलावा एचआईवी एड्स, बुजुर्गों की देखभाल, किशोर अवस्था में लड़के व लड़कियाें की समस्याएं और पर्यावरण संरक्षण पर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें सलूणी, कीड़ी, डलहौजी, गोला, हटली, थुलेल, धुलारा, गगार, चुवाड़ी, मनहूता, गगाहर, खरगट, ददरियाड़ा, समोट और टुंडी स्कूल के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। स्कूल के प्रधानाचार्य एवं ब्लॉक प्रोजेक्ट ऑफिसर चमन सिंह ने कार्यक्रम में पहुंचे गणमान्य लोगों का स्वागत किया। इसके अलावा प्रतियोगिता के आयोजन के लिए एससीईआरटी सोलन का धन्यवाद किया। मंच संचालक पवन कुमार शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चुना गया। यह बच्चे तीन अक्तूबर को सोलन में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इस अवसर पर सपना, रंजना देवी, मधू ठाकुर, सुमन जसरोटिया, रीता, पूजा, केवल, पवन कुमार, उषा, दीपा राणी, गुरदीप अरुणा महाजन, बलदेव धीमान, रंजीत सिंह और भबलेश मौजूद रहे।
इंसेट……..
फोक डांस में धुलारा स्कूल ने पहला स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा चुवाड़ी स्कूल ने दूसरा और हटली स्कूल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इसमें पहला स्थान प्राप्त करने वाले स्कूल के प्रतिभागियों को 1500 रुपये, दूसरे स्थान पर रहने वाले को एक हजार तथा तीसरा स्थान पाने वाले प्रतिभागियों को 750 रुपये नकद प्रदान किए गए। रोल प्ले में डलहौजी स्कूल ने पहला, बनीखेत ने दूसरा और धुलारा स्कूल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

Related posts