
ऊना। जिला मुख्यालय के निकटवर्ती रक्कड़ में ट्राला और स्कूटर में जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में स्कूटर सवार 17 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद ट्राला चालक फरार चल रहा है। पुलिस ने ट्राले को जब्त कर चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक मंगलवार सुबह रक्कड़ कालोनी निवासी प्रभात पुत्र अश्वनी स्कूटर पर सवार होकर जिला मुख्यालय की तरफ जा रहा था। रक्कड़ के पास अचानक सामने से आ रहे ट्राले से उसकी सीधी टक्कर हो गई। जिसमें प्रभात बुरी तरह से घायल हो गया और मौके पर दम तोड़ दिया। हादसे के तुरंत बाद उसे अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से ही ट्राला चालक फरार चल रहा है। जबकि पुलिस ने ट्राले को कब्जे में लिया है। उधर, एएसपी राकेश सिंह ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
