165 लोगों को आयकर विभाग के नोटिस

ऊना। आयकर विभाग ने ऊना जिले में 165 लोगों को नोटिस जारी किए हैं। नोटिस जारी होने से लोगों में हड़कं प मच गया है। विभाग ने भूमि क्रय विक्रय को लेकर यह कार्रवाई अमल में लाई है। कमिश्नर इनकम टैक्स (सीआईटी) की ओर से विभाग को मिली सूची के बाद नोटिस जारी हुए। ऊना के इनकम टैक्स आफिसर सिकंदर लाल ने 165 लोगों को नोटिस जारी होने की पुष्टि की है।
नोटिस के माध्यम से वित्त वर्ष 2010-11 और 2011-12 में भूमि खरीद और विक्रय के दौरान हुई ट्रांजेक्शन की स्थिति को स्पष्ट करने को कहा गया है। नोटिस में पांच बिंदुओं पर भूमि खरीदने और बेचने वालों से जवाब भी तलब किए गए हैं। इसमें टैक्स, पैन कार्ड की प्रति और रिटर्न के बारे में पूछा गया है। आय के साधन, सेल डीड, बेची और खरीदी गई जमीन की लोकेशन और कुल राशि की रसीद प्रस्तुत करने को कहा गया है। बताया जा रहा है कि प्रदेश भर में करीब दो हजार लोगों को नोटिस मिले हैं। जमीन की खरीद और विक्रय के संबंध में लोगों को पूरी जानकारी लेकर इनकम टैक्स कार्यालय में पहुंचने को कहा गया है। विभाग की इस प्रक्रिया को भू माफिया की बढ़ती गतिविधियों से जोड़कर भी देखा जा रहा है। अनाधिकृत कालोनियां काटने और अनाधिकृत तौर पर भवन निर्माण आदि रोकना भी इस प्रक्रिया का हिस्सा हो सकता है। इनकम टैक्स आफिसर सिकंदर लाल ने कहा कि जिन लोगों को नोटिस मिले हैं, वे जमीन के क्रय और विक्रय के संदर्भ में पूरी जानकारी विभाग को मुहैया कराएं। उन्होंने कहा कि यह जानकारी सीआईटी को भेजी जाएगी।

Related posts