
कुल्लू। लोक निर्माण विभाग के लिए बरसात अब आफत बन गई है। 72 घंटों में बारिश से जिला में तीन करोड़ का नुकसान हुआ है। वीरवार रात को हुई बारिश से विभाग को भारी चपत लगी है। इस दौरान भारी भूस्खलन और डंगों के ढहने से जिला में 16 सड़कों पर यातायात घंटों बाधित रहा। इसमें निगम की दो बसें आनी-बांशा मार्ग तथा बंजार-गाड़ागुशैणी मार्ग में फंसी पड़ी हैं। हालांकि दोपहर तक करीब दस मार्गों को विभाग ने खोल दिया था लेकिन छह मार्ग अभी भी बंद पड़े हैं।
औट-लुहरी राज्य मार्ग 12 घंटे बाद शुक्रवार दोपहर 12 बजे बहाल हो पाया। आनी – लुहरी मार्ग पर दस घंटे तक यातायात ठप रहा। इसके अलावा आनी-दलाश, आनी – कराणा, आनी-बांशा, आनी-कुठेड़, आनी-कोठी, आनी-उतखनेर तथा बागीपुल – बागासराहन आदि मार्गों पर लोगों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी। लोगों को घंटों तक मार्ग बहाल होने का इंतजार करना पड़ा।
मूसलाधार बारिश से पहाड़ी के धंसने, डंगा गिरने तथा मार्ग के टूटने से आनी-रोहाचला, बंजार घाटी के जिभी-गाड़ागुशैणी, गुशैणी-पेखड़ी, भुइंका-कोटला तथा थाटीबीड़-जौरी मार्ग बंद चले रहे हैं। लोनिवि आनी के एक्सइएन अनिल शर्मा ने कहा कि औट-लुहरी मार्ग सहित आठ सड़कों को खोल दिया है। कु छ बंद पड़ी सड़कों को खुलवाया जा रहा है। एसडीओ बंजार जितेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि घाटी के चार मार्ग बंद रहे हैं। अड्डा प्रभारी आनी ओम प्रकाश तथा बंजार के प्रभारी नेत्र सिंह ने एक-एक बस के फं से होने की बात कही है। डीसी राकेश कंवर ने कहा कि प्रशासन अलर्ट है। मौसम की हलचल पर नजर रखी जा रही है। नुकसान के आकलन करने के आदेश स्थानीय अधिकारियों को दे रखे हैं।
