
तेलका (चंबा)। तेलका क्षेत्र की आधा दर्जन पंचायतों में करीब 16 घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। मोड़ा, सालावां, द्रेकड़ी, सेरी, तरवाल, बाड़का, भजोतरा पंचायतों में हजारों की आबादी को अंधेरे में रात बितानी पड़ी। इससे ग्रामीणों को काफी असुविधा का सामना भी करना पड़ा। प्राप्त जानकारी के मुताबिक क्षेत्र की पंचायतों में शनिवार शाम करीब पांच बजे अचानक बिजली गुल हो गई। बिजली सप्लाई ठप रहने से पंचायतों के सैकड़ों घरों में अंधेरा पसर गया। बिजली आपूर्ति रविवार सुबह नौ बजे के बाद ही बहाल हो पाई। ग्रामीणों देव राज, मनोज कुमार, सुरेंद्र कुमार, तिलक राज, प्रदीप कुमार, कर्म सिंह, भीलो राम, रवि कुमार, सुरेश कुमार, संजीव कुमार, बालकू राम ने बताया कि विद्युत आपूर्ति बाधित रहने से आधा दर्जन पंचायतों के सैकड़ों परिवारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शनिवार शाम को गृहणियों को खाना बनाने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही स्कूली बच्चों को भी परेशानी से जूझना पड़ा। स्थानीय ग्रामीणों ने बिजली बोर्ड से मांग की है कि क्षेत्र मेें रात्रि के समय विद्युत व्यवस्था को देखने के लिए कर्मचारी की तैनाती की जाए।
बिजली बोर्ड के एसडीओ कैलाश नाथ ने बताया कि तकनीकी खराबी के चलते बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी। रविवार सुबह बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।
