150 फीट गहरी खाई में गिरी गाड़ी

बंगाणा (ऊना)। बंगाणा से दो किलोमीटर दूर नलवाड़ी में एक टाटा सूमो डेढ़ सौ फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में महिला समेत पांच लोग घायल हो गए हैं, जिन्हें स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद गाड़ी से बाहर निकाला। इसके तुरंत बाद उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले के संदर्भ में जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार सुबह एक परिवार टाटा सूमो नंबर एचपी 22 0104 बाबा दयोटसिद्ध से माथा टेकर वापस अपने घर की ओर जा रहे था कि नलवाड़ी के पास गाड़ी की तेज गति होने के चलते चालक अचानक नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सड़क किनारे बने पैरापिट से टकरा कर 150 फीट गहरी खाई में जा गिरी। स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला गया, जिसके बाद उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
हादसे में गाड़ी मालिक गंदर्भ सिंह पुत्र जैमल सिंह निवासी दयोली (ऊना), उनकी पत्नी संतोष कुमारी, बेटा गगन एवं अखिल कुमार तथा चालक विजय कुमार को गंभीर चोटें आई हैं, जिसमें संतोष कुमारी की हालत नाजुक बताई जा रही है। उधर, बंगाणा के एसएचओ रामदास कौशल ने बताया कि हादसे के संदर्भ में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।

Related posts