15 मील बिहाल में आज खुलेगी सब्जी मंडी

मनाली। लंबे अरसे से राजनीति का शिकार रहे 114 बीघा के भूखंड पर सोमवार को अस्थायी सब्जी मंडी शुरू होगी। पतलीकूहल क्षेत्र के 15 मील के बिहाल में 19 अगस्त को अस्थायी सब्जी मंडी का शुभारंभ किया जा रहा है। सब्जी मंडी का शुभारंभ 15 मील सब्जी मंडी आढ़ती एसोसिएशन के अध्यक्ष बलदेव ठाकुर करेंगे। एसोसिएशन के महासचिव सोनम अंगरुप ने बताया कि बिहाल के भूखंड पर दुकानें सज गई हैं। ऊझी घाटी के क्षेत्र से सेब और अन्य फसलें आना शुरू हो गई हैं। बिहाल सब्जी मंडी में देश भर के आढ़तियों ने भी डेरा डाल लिया है। इस सब्जी मंडी के खुलने से ऊझी घाटी के हजारों किसानों और बागवानों को लाभ होगा। सब्जी मंडी को स्वीकृति देने के लिए आढ़ती एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का आभार जताया है।
पतलीकूहल सब्जी मंडी को बिहाल स्थानांतरित करने को लेकर दो गुट बन गए थे। कुछ सब्जी मंडी को 15 मील बिहाल में खोलने के पक्ष में थे तो कुछ इसे पतलीकूहल में ही रखने के पक्ष में थे। अब पतलीकूहल के आढ़ती वहीं रहेंगे और 15 मील बिहाल में नए आढ़तियों को लाइसेंस दिए गए हैं।

Related posts