14 प्रतिशत बढे़गा मालभाड़ा किराया

परवाणू (सोलन)। प्रदेश के औद्योगिक नगर परवाणू में ट्रक और कैंटर यूनियन जल्द ही किराये में 14 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने वाली है। किराये में बढ़ोतरी का मुख्य कारण डीजल, टायरों, ल्यूब्रीकेंट्स और स्पेयर पार्ट के दाम में हुई बढ़ोतरी को बताया जा रहा है। यूनियनों ने इसके लिए खाका तैयार कर लिया है। इसके लिए परवाणू के उद्योगपतियों को पत्र भी भेजे जा चुके हैं। हालांकि यूनियन के प्रधान मालभाड़ा किराया बढ़ाने के विषय में इसी माह परवाणू के उद्योगपतियों के साथ अंतिम बैठक के बाद ही नई दरें लागू होने की बात कह रहे हैं। ऐसे में नई दरें इसी माह लागू होने के आसार नजर आ रहे हैं। माना जा रहा है कि नई दरें लागू होने से दिल्ली, कलकत्ता, मुंबई समेत सभी राज्यों में सामान ले जाने के लिए कारोबारियों और उद्योगपतियों पर अधिक बोझ पडे़गा।
500 ट्रक और कैंटर है यूनियन में
प्रदेश में बीबीएन के बाद परवाणू में सबसे अधिक ट्रक और कैंटर हैं। मौजूदा समय में परवाणू यूनियन में करीब 500 ट्रक व कैंटर हैं। इसके अतिरिक्त परवाणू में 500 ही छोटे-बडे़ उद्योग स्थापित हैं। परवाणू ट्रक यूनियन इन्हीं उद्योगों पर निर्भर हैं। इसके अतिरिक्त परवाणू में सबसे बड़ी होल सेल मार्केट है। यहां पर ज्यादातर माल बाहरी राज्यों से लाया ले जाया जाता है।
बैठक के बाद होंगी नई दरें लागू
परवाणू ट्रक यूनियन के प्रधान बावा हरदीप सिंह के अनुसार यूनियन पर डीजल व अन्य स्पेयर पार्ट्स के दाम बढ़ने से अधिक बोझ पड़ गया है। जिसके कारण दाम बढ़ाए जा रहा हैं। इसके लिए उद्योगपतियों से बैठक की जाएगी, उसके बाद नई दरें लागू होंगी।
उद्योगपतियों को किया सूचित
परवाणू कैंटर यूनियन के प्रधान रमनदीप सिंह और अड्डा इंचार्ज अनिल ने बताया कि बढे़ किराए के बारे में उद्योगपतियों को सूचित किया जा चुका है। बैठक करके आगामी रणनीति तैयार की जाएगी।
अतिरिक्त मार पडे़गी उद्योगों पर : उद्योग संघ प्रधान
परवाणू उद्योग संघ के प्रधान अनिल सहगल ने कहा कि उद्योग पहले ही घाटे में चल रहे हैं। ऐेसे में यदि किराया बढ़ता है तो उद्योगों पर अतिरिक्त मार पडे़गी, जिसके कारण उद्योग पलायन का दबाव बढ़ सकता है।
नहीं पडे़गा ज्यादा असर : व्यापार मंडल प्रधान
परवाणू व्यापार मंडल के प्रधान चमन गोयल ने कहा कि उनका माल प्रदेश में ही जाता है। इसलिए बढे़ किराए का ज्यादा असर नहीं पडे़गा।

Related posts