पालमपुर (कांगड़ा)। विधानसभा अध्यक्ष एवं पालमपुर हलके के विधायक बृज बिहारी लाल बुटेल ने कहा कि प्रदेश में तेजी से शहरीकरण होने से उसी अनुपात से नागरिक सेवाओं की आवश्यकता भी बढ़ रही है। चालू वित्त वर्ष में शहरी निकायों के लिए कुल 105 करोड़ दिए जाने प्रस्तावित हैं।
मंगलवार को पालमपुर कल्याण एवं पर्यावरण संरक्षण फोरम की बैठक में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे बुटेल ने कहा कि वीर भूमि पालमपुर की पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चाय नगरी के रूप में है और पालमपुर को आकर्षक पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पालमपुर शहर में 12 करोड़ 80 लाख रुपए की लागत से दो बहुमंजिला पार्किंग निर्मित की जा रही हैं। पालमपुर विस क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिक्ता है। इसके लिए व्यापक विकास कार्य योजनाएं तैयार करने के आदेश विभागों को दे दिए गए हैं। पालमपुर शहर के हर वार्ड के सौंदर्यीकरण के प्रथम चरण में दो-दो लाख रुपए दिए गए हैं। इससे पहले फोरम के अध्यक्ष अजीत बाघला ने मुख्यातिथि का स्वागत कर फोरम की गतिविधियों की जानकारी दी।
इस मौके पर फोरम के सलाहकार रविंद्र सूद, नप अध्यक्ष बलवंत ठाकुर, उपाध्यक्ष यश महाजन, बीडीसी भवारना के अध्यक्ष संजीव राणा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कर्ण शर्मा, व्यापार मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सूद, समेत कई अधिकारी व लोग मौजूद रहे।